Ashutosh Chaitanya Maharaj Arrest: सतनामी समाज के खिलाफ विवादित बयान देना कथावाचक आशुतोष चैतन्य महाराज को भारी पड़ गया। बिलासपुर पुलिस ने गुरुवार को तखतपुर के टिकरी पारा स्थित कथा स्थल से ही कथावाचक को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस टीम ने उन्हें व्यासपीठ से नीचे उतारकर हिरासत में लिया और बिलासपुर ले गई। (कथावाचक आशुतोष चैतन्य महाराज गिरफ्तार)

दरअसल, श्रीमद् भागवत कथा महापुराण के दौरान कथावाचक आशुतोष चैतन्य महाराज ने सतनामी समाज को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी थी। बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद समाज में आक्रोश फैल गया। नाराज सतनामी समाज से जुड़े बड़ी संख्या में लोग तखतपुर थाने पहुंच गए और कथावाचक पर कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए थाने का घेराव कर दिया। (Ashutosh Chaitanya Maharaj Arrest)

स्थिति बिगड़ते देख तखतपुर थाने में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती करनी पड़ी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल एसपी अर्चना झा ने कथावाचक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 353(2) के तहत अपराध दर्ज करने के साथ ही एससी/एसटी एक्ट की धाराएं भी जोड़ने का आदेश जारी किया।
एडिशनल एसपी ने समाज के प्रतिनिधियों को भरोसा दिलाया था कि आरोपी पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसी के चलते पुलिस ने आज सुबह कथास्थल पर पहुंचकर आशुतोष चैतन्य महाराज को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की आगे की विवेचना जारी है।
