Bilaspur Bhagwat Katha Vivad: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में भागवत कथा के दौरान कथावाचक द्वारा सतनामी समाज को लेकर दिए गए आपत्तिजनक बयान के बाद विवाद खड़ा हो गया है। कथावाचक के बयान से नाराज़ सतनामी समाज के लोगों ने बुधवार को तखतपुर थाने का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने कथावाचक की गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने कथावाचक के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है।
जानकारी के मुताबिक, तखतपुर नगर के टिकरी पारा में श्रीमद् भागवत कथा चल रही थी। इसी दौरान कथावाचक आशुतोष चैतन्य महाराज (Ashutosh Chaitanya Maharaj) ने समाज पर विवादित टिप्पणी कर दी। उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। (Takhattpur Kathavachak Satnami Samaj Vivadit Bayan)

कथावाचक ने क्या कहा? (Satnami Samaj Vivad Takhattpur)
वायरल वीडियो में कथावाचक ने कहा- कितना दुख होता है। आपको लगता है कि देश का क्या होगा। आपके छत्तीसगढ़ के तखतपुर में कितनी गायें कट रही है। आपके मुहल्ले में। आपके पड़ोस में।
जो पहले सनातनी थे वो आज सतनामी हो गए। अरे उन मूर्खों को ये समझ नहीं आता कि सतनामी का मतलब क्या है। पहले तो ये सोच लें।
सत नाम किसका है। सिर्फ राम का है। आप लोगों के नाक के नीचे। और आप लोगों को कोई फर्क नहीं पड़ता है। आप लोग अपने बच्चों को वो परवरिश नहीं दे पा रहे हैं।
इस बयान के बाद समाज में गुस्सा फैल गया और बड़ी संख्या में लोग थाने के बाहर जमा हो गए।

समाज के लोगों का कहना है कि व्यासपीठ से की गई ऐसी टिप्पणी न केवल धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली है, बल्कि समाज को आपस में बांटने का प्रयास भी है। उन्होंने मांग की कि कथावाचक को तुरंत गिरफ्तार किया जाए।उन्होंने कथावाचक की गिरफ्तारी न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।

कथावाचक के खिलाफ FIR दर्ज
सतनामी समाज की शिकायत पर पुलिस ने कथावाचक आशुतोष चैतन्य महाराज के खिलाफ गैर-जमानती धाराओं में अपराध दर्ज कर लिया है।
इस बीच तखतपुर में किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकने के लिए कथावाचक पंडाल के आसपास पुलिस बल की अतिरिक्त तैनाती की गई है। फिलहाल तखतपुर में माहौल शांत बताया जा रहा है।
