NMDC Recruitment Protest: दंतेवाड़ा जिले में NMDC की L1-L2 भर्ती प्रक्रिया और परीक्षा की तिथि घोषित करने की मांग को लेकर शनिवार को बड़ा विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया। दंतेवाड़ा, बीजापुर और सुकमा जिले के करीब 500 बेरोजगार युवा हाथों में तिरंगा लेकर किरंदुल और बचेली पहुंचे। इस दौरान चेकपोस्ट पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी नोकझोंक हुई। आगे बढ़ने से रोके जाने पर युवा वहीं धरने पर बैठ गए।
युवाओं का कहना है कि स्थानीय बेरोजगारों को रोजगार दिलाने के लिए भर्ती प्रक्रिया जल्द शुरू की जाए और परीक्षा की तिथि घोषित की जाए। प्रदर्शनकारी परियोजनाओं का काम बंद कराने की तैयारी के साथ पहुंचे थे।
चेकपोस्ट पर बढ़ा तनाव
प्रदर्शनकारी पुराने NMDC चेकपोस्ट तक जाने की मांग कर रहे थे। उन्होंने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों से उन्हें आगे जाने की अनुमति देने की अपील की।
हालांकि प्रशासन और NMDC अधिकारियों ने बताया कि अब उसी स्थान को नया चेकपोस्ट घोषित कर दिया गया है। सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए प्रदर्शनकारियों को आगे जाने से रोक दिया गया। इसके बाद नाराज युवा चेकपोस्ट के पास ही धरने पर बैठ गए।
अधिकारियों ने समझाइश की
मौके पर मौजूद एसडीएम और पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाकर धरना समाप्त करने का प्रयास किया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक बहस और तनातनी का माहौल बना रहा। स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए पुलिस बल भी तैनात रहा।
आदिवासी समाज ने दिया समर्थन
सर्व आदिवासी समाज के अध्यक्ष सुरेश कर्मा ने आंदोलन का समर्थन करते हुए कहा कि स्थानीय युवाओं के रोजगार का मुद्दा बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि उनका संगठन युवाओं के साथ खड़ा है और आंदोलन को पूरा समर्थन देगा।
मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी
स्थानीय बेरोजगार युवा संगठन ने स्पष्ट किया है कि जब तक NMDC भर्ती प्रक्रिया शुरू करने और परीक्षा की तिथि घोषित करने को लेकर ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।






