CG News: सूरजपुर में खाद्य सामग्री की गुणवत्ता को लेकर खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विशाल मेगा मार्ट में खरीदे गए पास्ता के पैकेट में कीड़ा मिलने की शिकायत के बाद विभाग ने मार्ट के ग्रॉसरी सेक्शन को सात दिनों के लिए सील कर दिया है। 26 नवंबर से 2 दिसंबर 2026 तक यहां खाद्य सामग्री की बिक्री पर रोक रहेगी।
यह कार्रवाई एक युवती की शिकायत और मामले को लेकर प्रकाशित खबर के बाद की गई है। शिकायत मिलने के बाद कलेक्टर रेना जमील के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मार्ट पहुंचकर जांच की थी। टीम ने संबंधित खाद्य सामग्री के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे हैं।
दरअसल, सूरजपुर शहर के मेन रोड पर हाल ही में विशाल मेगा मार्ट की नई शाखा शुरू हुई थी। उद्घाटन के बाद एक युवती खरीदारी करने पहुंची थी। इस दौरान उसने पास्ता का पैकेट खरीदा, जिसमें कीड़ा मिलने के बाद उसने इसकी शिकायत प्रशासन से की थी।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने की जांच
मामले को गंभीरता से लेते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मार्ट में पहुंचकर खाद्य सामग्री की जांच की। जांच के दौरान सामने आई प्रारंभिक कमियों के आधार पर विभाग ने ग्रॉसरी सेक्शन को सात दिनों के लिए सील करने की कार्रवाई की।
विभाग के अनुसार, इस अवधि में मार्ट के ग्रॉसरी सेक्शन से किसी भी प्रकार की खाद्य सामग्री की बिक्री नहीं की जा सकेगी। खाद्य सामग्री के नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग के मुताबिक, मार्ट में खाद्य सामग्री बिक्री से संबंधित लाइसेंस प्रदर्शित नहीं किया गया था। इसके अलावा शिकायत मिलने के बाद भी कीड़ा लगे पास्ता को बिक्री से नहीं हटाया गया।
विभाग ने इन लापरवाहियों को गंभीर मानते हुए कार्रवाई की है। अधिकारियों का कहना है कि खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और उपभोक्ताओं की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
सैंपल जांच के बाद होगी कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा अधिकारी रामप्रकाश जायसवाल ने बताया कि उच्च अधिकारियों के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई है। खाद्य सामग्री के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।



