CG Gambling Case: सूरजपुर जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र में जुआ के अवैध कारोबार और जुआरियों से पुलिसकर्मियों की कथित सांठगांठ के मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। पुलिस अधीक्षक ने प्रतापपुर थाना प्रभारी दिनेश पुरैना समेत पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।
बताया जा रहा है कि प्रतापपुर क्षेत्र में लंबे समय से जुआ के फड़ संचालित होने और इसमें स्थानीय पुलिसकर्मियों की कथित भूमिका को लेकर शिकायतें मिल रही थीं। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ने जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
सुनसान मकान में जुआ खेलते मिले थे 7 लोग
पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर सूरजपुर पुलिस की विशेष टीम ने प्रतापपुर क्षेत्र के एक सुनसान मकान में दबिश दी थी। इस दौरान मौके से जुआ खेल रहे 7 लोगों को पकड़ा गया था। पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब 99 हजार रुपये नकद भी बरामद किए थे।
इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में चल रहे जुआ के अवैध कारोबार और स्थानीय पुलिस की भूमिका को लेकर सवाल उठने लगे थे। शिकायतों और प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस अधीक्षक ने संबंधित पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की।
TI-SI समेत 5 पुलिसकर्मी निलंबित
कार्रवाई के तहत प्रतापपुर थाना प्रभारी दिनेश पुरैना, एक उप निरीक्षक और तीन आरक्षकों को निलंबित किया गया है। हालांकि, निलंबित उप निरीक्षक और आरक्षकों के नाम तथा कार्रवाई से जुड़े अन्य विवरण अभी सामने नहीं आए हैं।
विभागीय जांच में होगी भूमिका की जांच
पुलिस विभाग की ओर से की गई इस कार्रवाई के बाद अब विभागीय जांच शुरू की जाएगी। जांच में यह पता लगाया जाएगा कि संबंधित पुलिसकर्मियों की जुआ के अवैध कारोबार में क्या भूमिका थी और शिकायतों के बावजूद समय पर कार्रवाई क्यों नहीं की गई। अब आगे की कार्रवाई विभागीय जांच की रिपोर्ट के आधार पर तय होगी।



