Korba Murder: लिव-इन पार्टनर ने गर्लफ्रेंड का किया मर्डर, सेप्टिक टैंक में शव डालकर ढक्कन किया बंद

Korba Murder

Korba Murder: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में लिव-इन पार्टनर द्वारा महिला की हत्या कर शव को सेप्टिक टैंक में छिपाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। रक्षाबंधन पर महिला के मायके नहीं पहुंचने पर उसके भाइयों ने तलाश शुरू की, जिसके बाद घर के पीछे से आ रही बदबू ने हत्या का राज खोल दिया।

घटना श्यांग थाना क्षेत्र के ग्राम बरपाली की है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी मनोज उरांव (40) करीब दो साल से संतोषी (33) के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहा था। वारदात के बाद से आरोपी फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

जानकारी के अनुसार, संतोषी की शादी वर्ष 2001 में करतला क्षेत्र में हुई थी। उसके चार बच्चे हैं। करीब 15 साल पहले पति की मौत के बाद वह ससुराल में रह रही थी। इसके बाद वह मनोज उरांव के साथ रहने लगी थी। बताया जा रहा है कि मनोज की पत्नी की भी पहले मौत हो चुकी है।

सेप्टिक टैंक में शव डालकर ढक्कन किया बंद

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि 27 अगस्त को किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि मनोज ने संतोषी के साथ मारपीट की, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद उसने शव को घर के पीछे बने सेप्टिक टैंक में डालकर ढक्कन बंद कर दिया।

अगले दिन रक्षाबंधन होने के कारण संतोषी के मायके वालों को उसके घर आने का इंतजार था, लेकिन जब वह नहीं पहुंची तो भाइयों ने मनोज से पूछताछ की। आरोपी ने महिला के कहीं चले जाने की बात कही।

कई दिन बाद भी जब संतोषी का पता नहीं चला तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। 19 सितंबर को भाई रामभरोस और अन्य परिजन मनोज के घर पहुंचे।

सेप्टिक टैंक से बदबू आने पर हुआ शक

परिजन जब घर के पीछे पहुंचे तो सेप्टिक टैंक का ढक्कन आधा खुला मिला। अंदर से तेज बदबू आने पर उन्हें शक हुआ और उन्होंने पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही श्यांग थाना प्रभारी लक्ष्मण खूंटे टीम के साथ मौके पर पहुंचे। रविवार सुबह कार्यपालिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में सेप्टिक टैंक खोला गया, जहां से एक सड़ी-गली लाश बरामद हुई। पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर जांच शुरू कर दी है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक विशेषज्ञ और मेडिकल कॉलेज की टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस शव की जांच, पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है। पुलिस आरोपी मनोज उरांव की तलाश कर रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *