Raigarh News: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में उधारी की रकम वसूलने के नाम पर एक कारोबारी के घर में घुसकर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।![]()
घर में घुसकर जान से मारने की धमकी
पुलिस के अनुसार, आशीर्वाद पुरम कॉलोनी निवासी 52 वर्षीय कमलेश सिंह कोयला ट्रांसपोर्टिंग का व्यवसाय करते हैं। आर्थिक तंगी के चलते वे कुडेकेला निवासी ललेश अग्रवाल का करीब 7 लाख रुपए का भुगतान पिछले तीन वर्षों से नहीं कर पाए थे।
आरोप है कि गुरुवार दोपहर कपिल सोलंकी अपने दो साथियों मनीष परियानी और गिरीश माखीजा के साथ कमलेश सिंह के घर पहुंचा। तीनों ने जबरन घर में प्रवेश कर उन्हें धमकाया और कहा कि यदि रकम नहीं दी गई तो परिणाम बुरा होगा।
10 लाख रुपए की मांग
पीड़ित के मुताबिक आरोपियों ने बकाया रकम के नाम पर 10 लाख रुपए की मांग की। जब उन्होंने विरोध किया तो तीनों ने डंडे, हाथ और मुक्कों से मारपीट कर दी। घटना के बाद पीड़ित ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई।
तीनों आरोपियों ने कबूला जुर्म
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी कपिल सोलंकी (36) निवासी गुजराती पारा स्टेशन चौक को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने अपने साथियों गिरीश माखीजा (38) और मनीष परियानी (34) के घटना में शामिल होने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में तीनों ने अपराध स्वीकार कर लिया। शुक्रवार को उन्हें न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी कपिल सोलंकी कोतवाली थाना क्षेत्र का निगरानी बदमाश है। उसके खिलाफ पॉक्सो एक्ट, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, बलवा और मारपीट सहित कई गंभीर मामले दर्ज हैं।
मनीष परियानी के खिलाफ लूट, प्रताड़ना, मारपीट, आबकारी एक्ट और जुआ एक्ट से जुड़े कई प्रकरण दर्ज हैं। उसके खिलाफ 13 बार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा चुकी है और जिला बदर की कार्रवाई भी हो चुकी है। वहीं गिरीश माखीजा के खिलाफ जुआ, सट्टा और मारपीट के कई मामले दर्ज हैं। पुलिस उसे गुंडा सूची में शामिल करने की प्रक्रिया शुरू कर रही है।
SSP ने दी चेतावनी
रायगढ़ SSP शशि मोहन सिंह ने कहा कि गुंडागर्दी, अवैध वसूली और आम लोगों को डराने-धमकाने वालों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। कानून हाथ में लेने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।

