Durg News: दुर्ग जिले के कुम्हारी रेलवे स्टेशन के परसदा रेलवे फाटक के पास झाड़ियों में एक नर कंकाल मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। आशंका है कि शव काफी समय से पड़ा होने के कारण पूरी तरह सड़-गल चुका है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए कचांदूर स्थित सीसीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, राजेश नाम का व्यक्ति अपनी बकरियों को रेलवे लाइन के किनारे चरा रहा था। इसी दौरान अचानक बकरियां घबराकर भागने लगीं। शंका होने पर जब राजेश झाड़ियों की ओर गया, तो उसे सड़ी-गली अवस्था में मानव कंकाल दिखाई दिया।

राजेश ने तुरंत इसकी सूचना डायल 112 और पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और शव की पहचान कराने की कोशिश की जा रही है। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में गुम इंसानों की जानकारी भी खंगालनी शुरू कर दी है।
