Bilaspur Kathavachak Vivad: बिलासपुर जिले के तखतपुर में कथावाचक आशुतोष चैतन्य द्वारा अभद्र टिप्पणी करने के बाद बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। मामले के तूल पकड़ते ही कथावाचक ने वीडियो जारी कर समाज से सार्वजनिक रूप से माफी मांगी है, लेकिन सतनामी समाज ने माफी को अपर्याप्त बताते हुए गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहने का ऐलान किया है।
थाने का घेराव कर गिरफ्तारी की मांग
बुधवार को सतनामी समाज के सैकड़ों लोग तखतपुर थाने पहुंचकर कथावाचक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए घंटों तक घेराव किए रहे। समाज का कहना है कि कथावाचक के बयान ने उनकी धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाई है, इसलिए गिरफ्तारी आवश्यक है।

वीडियो जारी कर मांगी माफी
बढ़ते विवाद को देखते हुए कथावाचक आशुतोष चैतन्य ने वीडियो जारी किया। उन्होंने कहा कि यदि उनके शब्दों से किसी की भावनाएं आहत हुई हैं तो वे इसके लिए क्षमा प्रार्थी हैं। उनका उद्देश्य किसी भी समाज को आहत करना नहीं था।
इसके बावजूद सतनामी समाज ने स्पष्ट कर दिया है कि केवल माफी से बात खत्म नहीं होगी और गिरफ्तारी तक आंदोलन जारी रहेगा। समाज के प्रतिनिधियों ने पुलिस और प्रशासन को ज्ञापन सौंपा है।

पुलिस ने दर्ज किया अपराध
तखतपुर पुलिस ने कथावाचक आशुतोष चैतन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। उनके खिलाफ धारा 353(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो की सत्यता की जांच के लिए उसे फोरेंसिक लैब भेजा है।
जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई – एडिशनल SP
एडिशनल एसपी ग्रामीण अर्चना झा ने बताया कि मामले में सभी वैधानिक प्रक्रिया का पालन किया जा रहा है। एफआईआर दर्ज होने के बाद साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं और जिला अभियोजन अधिकारी से विधिक राय मांगी गई है। विधिक राय मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
