CG Murder: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में सोमवार को शराब दुकान के सामने हुए विवाद के बाद भाजपा समर्थित पूर्व जनपद सदस्य के पति की हत्या कर दी गई। आरोप है कि दो युवकों ने चाकू से हमला कर उनका गला रेत दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना में एक बुजुर्ग भी घायल हुए हैं, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।![]()
चाकू से गला रेता
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान बबला साहू उर्फ शिवनंदन साहू (56) के रूप में हुई है। वह देवरी खुर्द के निवासी थे और ऑटो चालक का काम करते थे। बताया जा रहा है कि तोरवा स्थित शराब दुकान के सामने दो युवकों से उनका विवाद हुआ, जिसके बाद आरोपियों ने चाकू से हमला कर उनकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद शराब दुकान में तोड़फोड़
वारदात के बाद आरोपियों ने शराब दुकान में तोड़फोड़ की और वहां लगे सीसीटीवी कैमरों को भी नुकसान पहुंचाया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर जांच शुरू की।
बुजुर्ग पर भी हुआ हमला
पुलिस के अनुसार, घटना के कुछ समय बाद तोरवा क्षेत्र के एक 65 वर्षीय बुजुर्ग पर भी चाकू से हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस दोनों घटनाओं के बीच संबंध की भी जांच कर रही है।
आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है। मामले की जांच जारी है।



