CG Murder: छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले के ग्राम अरंडी में पूर्व सरपंच गोविंद नेताम की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने हत्या के आरोप में उनकी पत्नी भगनी नेताम को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, घटना के समय दोनों नशे की हालत में थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद भगनी नेताम ने घर के अंदर धारदार हथियार से हमला कर गोविंद नेताम की हत्या कर दी। वारदात के बाद वह मौके से फरार हो गई थी, जिसे पुलिस ने तलाश के बाद बेडमा से गिरफ्तार किया।
घर के अंदर मिला था पूर्व सरपंच का शव
जानकारी के मुताबिक, 1 नवंबर को ग्राम अरंडी निवासी पूर्व सरपंच गोविंद नेताम (49) की घर के अंदर हत्या कर दी गई थी। उनके शरीर पर धारदार हथियार से हमले के निशान मिले थे।
घटना की सूचना मिलने के बाद केशकाल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस को मृतक की पत्नी भगनी नेताम पर शक हुआ, क्योंकि घटना के बाद से वह घर से गायब थी।
3 साल से साथ रह रही थी पत्नी
पुलिस जांच में सामने आया कि गोविंद नेताम की पहली पत्नी की मौत हो चुकी थी। इसके बाद उनकी भगनी नेताम से नजदीकियां बढ़ीं और दोनों ने शादी कर ली। दोनों पिछले करीब 3 साल से साथ रह रहे थे। ग्रामीणों के अनुसार, भगनी नेताम शराब का सेवन करती थी। पुलिस घटना के समय दोनों के नशे में होने और विवाद के कारणों की जांच कर रही है।
पहले पति की हत्या में काट चुकी है 10 साल की जेल
पुलिस के मुताबिक, भगनी नेताम इससे पहले भी अपने पहले पति की हत्या के मामले में जेल जा चुकी है। इस मामले में उसने करीब 10 साल की सजा काटी थी। जेल से बाहर आने के बाद वह गोविंद नेताम के संपर्क में आई थी। अब पूर्व सरपंच की हत्या के मामले में पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने लगातार पतासाजी के बाद आरोपी महिला को बेडमा से पकड़ा। पूछताछ में हत्या में उसकी भूमिका सामने आने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
मामले का खुलासा एसडीओपी अरुण नेताम ने किया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि विवाद की असली वजह क्या थी। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।


