CG News: करंट की चपेट में आने से महिला पंच की मौत, सामाजिक भवन की सफाई के दौरान हादसा

CG News: महासमुंद जिले के ग्राम कुकराडीह में दीपावली की सफाई के दौरान करंट लगने से महिला पंच कालंद्री दीवान (35) की मौत हो गई। वह कंवर समाज के सामाजिक भवन की सफाई कर रही थीं। इसी दौरान भवन की छत के पास से गुजर रही 11 केवी बिजली लाइन की चपेट में आने से वह सीढ़ी से नीचे गिर गईं।

CG News: महासमुंद जिले के ग्राम कुकराडीह में दीपावली की सफाई के दौरान करंट लगने से महिला पंच कालंद्री दीवान (35) की मौत हो गई। वह कंवर समाज के सामाजिक भवन की सफाई कर रही थीं। इसी दौरान भवन की छत के पास से गुजर रही 11 केवी बिजली लाइन की चपेट में आने से वह सीढ़ी से नीचे गिर गईं।

ग्रामीण उन्हें इलाज के लिए अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। ग्रामीणों ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि बिजली लाइन की ऊंचाई कम होने की शिकायत पहले भी कई बार की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई।

सफाई करते समय बिजली लाइन की चपेट में आईं

जानकारी के मुताबिक, महासमुंद जिला मुख्यालय से करीब 18 किलोमीटर दूर ग्राम कुकराडीह में सोमवार दोपहर करीब 12 बजे भाग्यलक्ष्मी महिला स्व-सहायता समूह की महिलाएं कंवर समाज के सामाजिक भवन की सफाई करने पहुंची थीं। इसमें वार्ड नंबर-3 की पंच कालंद्री दीवान भी शामिल थीं।

दीपावली की तैयारी को लेकर महिलाएं भवन की सफाई कर रही थीं। इसी दौरान कालंद्री दीवान ऊपरी दीवार की सफाई के लिए लोहे की सीढ़ी लगाकर ऊपर चढ़ीं। तभी वह छत के पास से गुजर रही 11 केवी बिजली लाइन की चपेट में आ गईं। तेज करंट लगने से वह सीढ़ी से नीचे गिर गईं।

हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाने की कोशिश की, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप

गांव के पूर्व सरपंच जीवनलाल साहू ने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि सामाजिक भवन के पास से गुजर रही बिजली लाइन की ऊंचाई कम होने की जानकारी विभाग को पहले ही दी गई थी।

ग्रामीणों के अनुसार, इस संबंध में कई बार मौखिक और लिखित शिकायत की गई, लेकिन लाइन को सुरक्षित ऊंचाई पर करने की दिशा में कोई कदम नहीं उठाया गया। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई होती तो हादसे को टाला जा सकता था।

राशन दुकान का सामान रखा जाता था भवन में

बताया गया कि भाग्यलक्ष्मी महिला स्व-सहायता समूह सरकारी राशन दुकान का संचालन करता है। राशन दुकान तक बड़े वाहन नहीं पहुंच पाने के कारण पीडीएस का सामान कंवर समाज के सामाजिक भवन में रखा जाता था।

भवन के उपयोग के बदले समाज की ओर से समूह की महिलाओं को दीपावली से पहले सफाई और पोताई करने के लिए कहा गया था। इसी वजह से महिलाएं भवन की सफाई करने पहुंची थीं।

2 बच्चों के सिर से उठा मां का साया

कालंद्री दीवान की मौत के बाद गांव में शोक का माहौल है। उनके परिवार में पांच साल की बेटी और तीन साल का बेटा है। हादसे के बाद ग्रामीणों में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी है।

ग्रामीणों का कहना है कि शिकायतों पर समय रहते कार्रवाई की जाती तो एक परिवार को अपना सहारा नहीं खोना पड़ता। तुमगांव पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *