CG News: जगदलपुर के बाफना हाउस प्रतिष्ठान में 19 साल की युवती का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। मृतका की पहचान दीपा के रूप में हुई है। वह पिछले करीब एक सप्ताह से इस प्रतिष्ठान में काम कर रही थी।
घटना के बाद परिजनों ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है। उनका कहना है कि युवती के हाथ और शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और प्रतिष्ठान में लगे CCTV कैमरों की फुटेज की जांच करने की मांग की है।
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
एक दिन पहले हुई थी फोन पर बात
परिजनों और मृतका की मौसी के अनुसार, घटना से एक दिन पहले शाम करीब 5:30 से 6 बजे के बीच दीपा से फोन पर बात हुई थी। उस दौरान उसने कहा था कि अभी बात नहीं कर सकती, बाद में बात करेगी। इसके बाद परिजनों का उससे संपर्क नहीं हो पाया। रात करीब 9:30 बजे तक जब दीपा घर नहीं पहुंची तो उन्होंने प्रतिष्ठान के कर्मचारियों से उसके बारे में जानकारी ली।
कर्मचारियों ने बताया कि दीपा शाम करीब 6:30 बजे से गायब है और उसका मोबाइल प्रतिष्ठान में ही छूट गया है। इसके बाद कर्मचारी उसका मोबाइल घर पहुंचाने आए। परिजन बाफना हाउस पहुंचे, लेकिन दुकान बंद मिली।
सुबह दोबारा पहुंचने पर मिली जानकारी
परिजन सोमवार सुबह फिर प्रतिष्ठान पहुंचे। दुकान के ऊपर जाकर देखने पर दीपा का शव फंदे पर लटका मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। परिजनों ने शव की स्थिति और शरीर पर मिले चोट के निशानों को लेकर संदेह जताया है। उनका कहना है कि पूरे मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जानी चाहिए।
परिजनों ने पुलिस से प्रतिष्ठान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की मांग की है।

