CG Murder: दुर्ग जिले के कुम्हारी थाना क्षेत्र में खेत में मिली अज्ञात महिला की लाश के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। जांच में सामने आया कि महिला से दुष्कर्म की कोशिश नाकाम होने पर आरोपी ने गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है।
खेत में मिला था शव
जानकारी के मुताबिक, कैवल्य धाम के पीछे परसदा खार स्थित खेत में एक अज्ञात महिला का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। पीएम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई, जिसके बाद हत्या का अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

1000 से अधिक लोगों से पूछताछ, 100 घंटे CCTV खंगाले
अज्ञात महिला की पहचान एवं आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एसपी विजय अग्रवाल ने पांच विशेष टीमों का गठन किया. टीमों द्वारा क्षेत्र के विभिन्न गली-मोहल्लों आसपास के गांव एवं संभावित स्थानों पर व्यापक स्तर पर फोटो दिखाकर पहचान का प्रयास किया. 1000 से अधिक व्यक्तियों से पूछताछ की गई तथा घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्र के 100 घंटे से अधिक सीसीटीवी फुटेज का परीक्षण किया गया. वीडियो के आधार पर लाखों कॉल डिटेल रिकॉर्ड की जांच की गई.

आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने महाराजा देवार उर्फ राजा देवार (22 वर्ष), निवासी राम नगर बजरंग चौक, वार्ड क्रमांक 07, कुम्हारी जिला दुर्ग को 28 फरवरी को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपी ने महिला को खेत में ले जाकर दुष्कर्म का प्रयास करने और विरोध करने पर गला दबाकर हत्या करने की बात स्वीकार की।
आरोपी के पास से एक चप्पल, घटना के दिन पहना हुआ दो बटन टूटा शर्ट और घटनास्थल से मिला शर्ट का बटन बरामद किया गया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
