CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में बढ़ने लगी गर्मी; अगले 5 दिनों में 2 से 3 डिग्री बढ़ेगा तापमान, रायपुर का पारा 35.6°C पहुंचा

CG Weather Update

CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में मौसम फिलहाल पूरी तरह शुष्क बना हुआ है, लेकिन आने वाले दिनों में गर्मी बढ़ने के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में आगामी 5 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक क्रमिक वृद्धि होने की संभावना है। इसके बाद अगले 2 दिनों तक अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं होगा। वहीं अगले 7 दिनों तक न्यूनतम तापमान में भी किसी बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं।

CG Weather Update

बीते 24 घंटे का मौसम हाल

प्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान मौसम पूरी तरह शुष्क रहा। वर्षा का आंकड़ा शून्य दर्ज किया गया। सर्वाधिक अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस रायपुर में रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 14.9 डिग्री सेल्सियस अंबिकापुर में दर्ज हुआ।

सिनोप्टिक सिस्टम की स्थिति

कोमोरिन क्षेत्र और आसपास के इलाकों से लेकर विदर्भ तक फैले चक्रवाती परिसंचरण के ऊपर एक द्रोणिका सक्रिय है। यह द्रोणिका आंतरिक तमिलनाडु, आंतरिक कर्नाटक और मराठवाड़ा से होते हुए समुद्र तल से लगभग 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई पर स्थित है। हालांकि इस सिस्टम का फिलहाल छत्तीसगढ़ के मौसम पर कोई विशेष प्रभाव नहीं पड़ रहा है।

आज कैसा रहेगा मौसम

प्रदेश में आज भी मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है। किसी प्रकार की मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है। अगले दो दिनों तक भी प्रदेश में मौसम के शुष्क बने रहने के आसार हैं।

रायपुर का मौसम

रायपुर में आज आसमान मुख्यतः साफ रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान लगभग 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना जताई गई है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *