CG Black Magic: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में श्मशान घाट में हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश की तस्वीर रखकर तांत्रिक क्रिया किए जाने के मामले में पुलिस जांच में नया खुलासा हुआ है। पुलिस के अनुसार, यह कथित तांत्रिक क्रिया चाकूबाजी मामले के पीड़ित परिवार को डराने और उन पर दबाव बनाने के उद्देश्य से की गई थी। मामले में अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
जमानत के नाम पर मांगे थे 1 लाख
पुलिस के मुताबिक, चाकूबाजी के एक मामले में जेल में बंद आरोपी के भाई और उसके साथियों ने पीड़ित परिवार से जमानत में खर्च हुए एक लाख रुपए की मांग की। आरोप है कि रकम नहीं देने पर परिवार को जान से मारने और कथित तांत्रिक क्रिया के जरिए नुकसान पहुंचाने की धमकी दी गई। साथ ही केस वापस लेने का दबाव भी बनाया गया।
CG Black Magic: जमानत के लिए तांत्रिक क्रिया, श्मशान में चीफ जस्टिस की तस्वीर रखकर किया काला जादू
इंस्टाग्राम के जरिए बुलाया गया कथित तांत्रिक
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने इंस्टाग्राम के माध्यम से एक व्यक्ति से संपर्क कर उसे तांत्रिक क्रिया के लिए बुलाया था। पुलिस के अनुसार, श्मशान घाट से पहले पकड़ा गया व्यक्ति ही कथित तांत्रिक गतिविधि में शामिल था। बाद में फरार तीन अन्य आरोपियों को महाराष्ट्र के नागपुर से गिरफ्तार किया गया।
श्मशान घाट से मिली थीं तस्वीरें
पुलिस को घटनास्थल से कई तस्वीरें मिली थीं। जांच में सामने आया कि उनमें हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश, चाकूबाजी मामले के आरोपी और शिकायतकर्ता से जुड़ी तस्वीरें भी थीं। पुलिस का मानना है कि इनका इस्तेमाल कथित तौर पर पीड़ित परिवार को मानसिक रूप से डराने के लिए किया गया।
जांच जारी
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धमकी देने और टोनही प्रताड़ना से संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया है। सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस कथित तांत्रिक गतिविधि में और कौन-कौन लोग शामिल थे।


