CG News: रायपुर। महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के जीवन की पहली पाठशाला हैं और यहां कार्यरत कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य की शिल्पकार हैं। उन्होंने कहा कि गर्भवती माताओं से लेकर बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा तक आंगनबाड़ी कर्मियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। वे शासन की योजनाओं को अंतिम पंक्ति तक पहुंचाने का काम पूरी निष्ठा से कर रही हैं।
सिविल लाइन्स स्थित सर्किट हाउस में महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला रायपुर द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में “पोषित बचपन, समृद्ध छत्तीसगढ़” के लक्ष्य को साकार करने में उनके योगदान की सराहना की गई। इस दौरान उपस्थित सभी लोगों ने बाल विवाह रोकने की शपथ भी ली।
आंगनबाड़ी कर्मियों के योगदान की सराहना
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं गर्भवती महिलाओं की देखभाल, बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य परीक्षण, टीकाकरण और प्रारंभिक शिक्षा जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा रही हैं। दूरस्थ गांवों में भी वे सेवाभाव और समर्पण के साथ काम करते हुए जरूरतमंद परिवारों तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचा रही हैं।
महिलाओं और बच्चों के कल्याण पर सरकार का जोर
उन्होंने कहा कि बच्चों का सुरक्षित, स्वस्थ और खुशहाल भविष्य सुनिश्चित करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। राज्य सरकार महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। महतारी वंदन योजना, कुपोषण मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान और “हर घर मुनगा” जैसी पहल इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी बच्चा कुपोषण का शिकार न हो और प्रत्येक गर्भवती महिला को बेहतर पोषण एवं स्वास्थ्य सुविधाएं मिलें।
उत्कृष्ट कार्य करने वालों का हुआ सम्मान
मंत्री ने सम्मानित आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान उनके परिश्रम, समर्पण और सेवा भावना का सम्मान है। उन्होंने सभी कर्मियों से बच्चों और माताओं के बेहतर भविष्य के लिए इसी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते रहने का आह्वान किया।
समारोह में राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष संदीप यदु, महिला एवं बाल विकास विभाग की सभापति शैल महेंद्र साहू, जिला कार्यक्रम अधिकारी शैल ठाकुर सहित बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं मौजूद रहीं।




