Bilaspur News: बिलासपुर के कोटा थाना क्षेत्र के करपिहा जंगल में एक युवक की जली हुई लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। जांच में सामने आया है कि जंगल में शिकार के लिए बिछाए गए करंट की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई थी। घटना को छिपाने के लिए शिकारियों ने शव को घने जंगल में ले जाकर जलाने की कोशिश की। मामले में पुलिस ने कुछ संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

कोटा टीआई तोपसिंह नवरंग ने बताया कि कुछ ग्रामीण लकड़ियां लेने जंगल गए थे, तभी उन्हें घने झाड़ियों के बीच से तेज दुर्गंध आ रही थी। ग्रामीण जब उस दिशा में पहुंचे तो वहां एक युवक की अधजली लाश मिली। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घटनास्थल से जीआई तार भी बरामद किए गए, जिसके आधार पर करंट से मौत की आशंका मजबूत हुई।
बाद में पहचान की प्रक्रिया के दौरान पता चला कि मृतक तखतपुर क्षेत्र के छिरहापारा धुमा निवासी 35 वर्षीय अयोध्या सिंह खुसरो (Ayodhya Singh Khusro Death Current) है, जो 29 अक्टूबर से अपने घर से लापता था। पूछताछ में सामने आया कि आसपास के गांव के कुछ लोग जंगल में शिकार के लिए करंट बिछाते थे। उसी करंट की चपेट में आने से अयोध्या की मौत हो गई। घटना की जानकारी होने पर आरोपियों ने पकड़े जाने के डर से शव को जला कर सबूत नष्ट करने की कोशिश की।
पुलिस ने इस मामले में कुछ शिकारियों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ जारी है। साथ ही इस पूरे घटनाक्रम में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले का जल्द ही पूरी तरह पर्दाफाश किया जाएगा।
