CG Bear Attack: छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले के चारामा ब्लॉक में सोमवार देर रात भालुओं के झुंड ने एक राहगीर पर हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों की मदद से उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना हल्बा चौकी क्षेत्र के बड़ाटोला गांव की है।![]()
रात में भालुओं से हुआ सामना
जानकारी के अनुसार जेपरा निवासी मिथलेश गंगबेर सोमवार रात करीब 12 बजे बड़ाटोला क्षेत्र से गुजर रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उनका सामना भालुओं के झुंड से हो गया। अचानक भालुओं ने उन पर हमला कर दिया, जिससे उनके शरीर पर गंभीर चोटें आईं।
युवक की चीख-पुकार सुनकर पहुंचे ग्रामीण
हमले के दौरान युवक की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों को आता देख भालू जंगल की ओर भाग गए। इसके बाद ग्रामीणों ने घायल युवक को संभाला और तत्काल संजीवनी 108 एंबुलेंस को सूचना दी।
108 एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया
सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल युवक को कांकेर जिला अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों के अनुसार भालू के हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हुआ है और उसका उपचार जारी है।

