CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में मानसून की विदाई के संकेत, अगले 2-3 दिन मौसम रहेगा शुष्क; गर्मी बढ़ेगी

CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में बारिश का सिलसिला फिलहाल थम गया है और मौसम शुष्क बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले 2 से 3 दिनों तक बारिश की संभावना बेहद कम है। इसी के साथ अब दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई के लिए अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं।

बारिश नहीं होने से दिन के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। राजधानी रायपुर में आज अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

रायपुर में बढ़ेगी गर्मी

मौसम विभाग के अनुसार रायपुर में पूरे दिन मौसम साफ रहेगा। बुधवार को शहर का अधिकतम तापमान 33.7 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। बारिश नहीं होने से दिन में गर्मी और उमस का असर बना रह सकता है।

प्रदेशभर में शुष्क रहा मौसम

पिछले 24 घंटे के दौरान छत्तीसगढ़ के अधिकांश हिस्सों में मौसम पूरी तरह शुष्क रहा। मौसम विभाग के अनुसार किसी भी जिले में उल्लेखनीय बारिश दर्ज नहीं की गई।

इस दौरान राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान पेंड्रा रोड में 18.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जिससे उत्तरी क्षेत्रों में सुबह और रात के समय हल्की ठंडक महसूस होने लगी है।

2-3 दिन में शुरू हो सकती है मानसून की वापसी

मौसम विभाग का कहना है कि अगले 2 से 3 दिनों में प्रदेश के कुछ हिस्सों से दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी शुरू हो सकती है। फिलहाल उत्तर-पश्चिम और उससे लगे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। वहीं दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास के बिहार क्षेत्र में भी एक चक्रवाती सिस्टम बना हुआ है, लेकिन इसका फिलहाल छत्तीसगढ़ में बारिश पर विशेष असर देखने की संभावना नहीं है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *