CG News: छत्तीसगढ़ में तेन्दूपत्ता संग्राहक परिवारों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने के लिए संचालित राजमोहिनी देवी तेन्दूपत्ता संग्राहक सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत 169 परिवारों को 2 करोड़ 42 लाख 40 हजार रुपए की सहायता राशि दी गई है। वन मंत्री केदार कश्यप के मार्गदर्शन में छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज संघ ने यह राशि सीधे हितग्राहियों के बैंक खातों में डिजिटल माध्यम से अंतरित की है।
रायगढ़ जिले के चिमटापानी समिति के मिथिलेश सिदार और दंतेवाड़ा जिले के नकुलनार समिति के गल्ले वीटी के बैंक खातों में राशि भेजकर डिजिटल भुगतान की शुरुआत की गई।
मृत्यु और विकलांगता के मामलों में मिली सहायता
योजना के तहत 18 से 50 वर्ष आयु वर्ग में दुर्घटना मृत्यु के 4 मामलों में 4-4 लाख रुपए की सहायता दी गई। वहीं सामान्य मृत्यु या स्थायी विकलांगता के 103 मामलों में 2-2 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की गई।
इसके अलावा 50 से 59 वर्ष आयु वर्ग में दुर्घटना मृत्यु या स्थायी विकलांगता के 4 मामलों में 75-75 हजार रुपए और सामान्य मृत्यु के 58 मामलों में 30-30 हजार रुपए की सहायता प्रदान की गई।
राजमोहिनी देवी तेन्दूपत्ता संग्राहक सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत तेन्दूपत्ता संग्रहण से जुड़े परिवारों को आर्थिक सुरक्षा उपलब्ध कराई जा रही है। योजना में 18 से 50 वर्ष आयु वर्ग में परिवार के मुखिया की सामान्य मृत्यु या स्थायी विकलांगता पर 2 लाख रुपए, दुर्घटना मृत्यु पर 4 लाख रुपए और आंशिक विकलांगता पर एक लाख रुपए सहायता का प्रावधान है।
वहीं 50 से 59 वर्ष आयु वर्ग में सामान्य मृत्यु पर 30 हजार रुपए, दुर्घटना मृत्यु या स्थायी विकलांगता पर 75 हजार रुपए और आंशिक विकलांगता पर 37 हजार 500 रुपए की सहायता दी जाती है।
राज्य लघु वनोपज संघ के मुख्य कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में संघ के अध्यक्ष रूपसाय सलाम, उपाध्यक्ष यज्ञदत्त शर्मा और प्रबंध संचालक संजीता गुप्ता की मौजूदगी में सहायता राशि जारी की गई।


