CG News: छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने प्रदेश में लगातार घट रही प्रजनन दर (फर्टिलिटी रेट) पर चिंता जताई है। मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कहा कि अब परिवार में 3 से 4 बच्चे होने में कोई परेशानी नहीं है। उनका कहना था कि छत्तीसगढ़ की प्रजनन दर राष्ट्रीय औसत से नीचे पहुंच गई है और इसे कम से कम राष्ट्रीय स्तर के बराबर लाने की आवश्यकता है।
प्रदेश की प्रजनन दर राष्ट्रीय औसत से कम
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि देश का कुल प्रजनन दर (टीएफआर) लगभग 2.2 है, जबकि छत्तीसगढ़ में यह घटकर 1.8 रह गई है। उन्होंने इच्छा जताई कि प्रदेश की प्रजनन दर कम से कम राष्ट्रीय औसत तक पहुंचे, ताकि भविष्य में जनसंख्या संतुलन बना रहे।
नसबंदी पर सरकार नहीं देती कोई प्रलोभन
मंत्री ने नसबंदी को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से अब नसबंदी के लिए किसी प्रकार का प्रलोभन नहीं दिया जाता। यदि कोई व्यक्ति अपनी इच्छा से परिवार नियोजन अपनाना चाहता है तो यह उसका व्यक्तिगत निर्णय है।
क्या है प्रजनन दर
प्रजनन दर या फर्टिलिटी रेट का अर्थ है कि एक महिला अपने प्रजनन काल, यानी लगभग 15 से 49 वर्ष की आयु के दौरान औसतन कितने बच्चों को जन्म देती है। किसी भी राज्य या देश की जनसंख्या वृद्धि और भविष्य की जनसंख्या संरचना का आकलन करने में इसे महत्वपूर्ण मानक माना जाता है।
क्यों घट रही है प्रजनन दर
विशेषज्ञों के अनुसार महिलाओं की शिक्षा का स्तर बढ़ने, करियर को प्राथमिकता मिलने, विवाह की औसत आयु बढ़ने और परिवार नियोजन के प्रति जागरूकता बढ़ने से प्रजनन दर में कमी आई है। इसके अलावा शहरी क्षेत्रों में बढ़ती जीवन-यापन लागत, बच्चों की शिक्षा और स्वास्थ्य पर बढ़ते खर्च के कारण भी लोग छोटे परिवार को प्राथमिकता दे रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों की तुलना में शहरी इलाकों में प्रजनन दर अपेक्षाकृत अधिक तेजी से घटी है।

