Raipur News: CM ने ‘सोमनाथ स्वाभिमान सांस्कृतिक यात्रा’ स्पेशल ट्रेन को दिखाई हरी झंडी, रायपुर से रवाना हुए 1,000 से अधिक श्रद्धालु

Raipur News: देशभर में आयोजित किए जा रहे ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ के अवसर पर रविवार को रायपुर रेलवे स्टेशन से ‘सोमनाथ स्वाभिमान सांस्कृतिक यात्रा’ की विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस विशेष यात्रा में छत्तीसगढ़ के 1,000 से अधिक श्रद्धालु बाबा सोमनाथ के दर्शन के लिए गुजरात रवाना हुए।

इस यात्रा में प्रदेश के वरिष्ठ नागरिक, पद्म सम्मान से सम्मानित विभूतियां, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी तथा विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियां शामिल हैं। ट्रेन रवाना होने से पहले रेलवे स्टेशन पर श्रद्धालुओं में उत्साह और भक्ति का माहौल देखने को मिला।

सांस्कृतिक अस्मिता और आस्था का प्रतीक है यात्रा
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि यह यात्रा केवल धार्मिक पर्यटन नहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक अस्मिता, आस्था और गौरवशाली परंपराओं के पुनर्जागरण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि बाबा सोमनाथ के दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालु प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करेंगे।

सोमनाथ देश के स्वाभिमान का प्रतीक : अनुज शर्मा

विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि ‘सोमनाथ स्वाभिमान सांस्कृतिक यात्रा’ छत्तीसगढ़ की आस्था, श्रद्धा और सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सोमनाथ मंदिर देश के स्वाभिमान, पुनरुत्थान और सनातन संस्कृति की अमर पहचान का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि इतिहास गवाह है कि भारत की संस्कृति और आस्था पर जितनी बार प्रहार हुआ, उतनी ही मजबूती के साथ उसका पुनर्जागरण हुआ। सोमनाथ मंदिर इसी अदम्य विश्वास और सांस्कृतिक गौरव का प्रतीक है। यह यात्रा नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और विरासत से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *