Raipur Gangrape: राजधानी रायपुर के धरसींवा थाना क्षेत्र से गैंगरेप का मामला सामने आया है, जहां एक युवती के साथ फार्महाउस में सामूहिक दुष्कर्म किया गया। यह वारदात युवती को जन्मदिन मनाने का बहाना बनाकर बुलाए जाने के बाद अंजाम दी गई।
मामले की जानकारी के अनुसार, पीड़िता को उसके बॉयफ्रेंड के दो परिचित आशीष जोशी और रूपेन्द्र जोशी ने धरसींवा के कुंरा इलाके स्थित एक फार्महाउस ले गए। पुलिस का कहना है कि वहां आरोपियों ने पहले युवती को उसके बॉयफ्रेंड से मिलवाने का भरोसा दिलाया और उसके बाद कोल्ड ड्रिंक में शराब मिलाकर उसे पिला दिया। नशे की हालत में दोनों आरोपियों ने बारी-बारी से युवती के साथ दुष्कर्म किया।
पीड़िता ने जब विरोध किया तो आरोपियों ने उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी। घटना की जानकारी होते ही धरसींवा पुलिस हरकत में आई और आरोपी आशीष जोशी को तेलीबांधा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया है। जबकि दूसरा आरोपी रूपेन्द्र जोशी अभी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम दबिश दे रही है।
पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म और धमकी सहित संबंधित धाराओं में दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
