Mahadev Betting App: महादेव सट्टा ऐप का प्रमोटर सौरभ चंद्राकर गिरफ्तार, ओमान से भारत लाई CBI, रायपुर कोर्ट में होगी पेशी

Mahadev Betting App: महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने मुख्य आरोपी और प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को गिरफ्तार कर लिया है। रेड कॉर्नर नोटिस के आधार पर ओमान में पकड़े गए सौरभ चंद्राकर को CBI अन्य केंद्रीय एजेंसियों के सहयोग से भारत लेकर आई है। अब उसे विशेष CBI अदालत, रायपुर में पेश किया जाएगा।

 

महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप से जुड़े मामलों की जांच CBI कर रही है। छत्तीसगढ़ सरकार ने इस मामले से जुड़ी 13 एफआईआर की जांच CBI को सौंपी थी। वहीं प्रवर्तन निदेशालय (ED) भी इस मामले में मनी लॉन्ड्रिंग के तहत कार्रवाई कर चुका है और अभियोजन शिकायत दाखिल कर चुका है।

रेड कॉर्नर नोटिस के आधार पर हुई गिरफ्तारी

 

CBI के अनुसार, सौरभ चंद्राकर के खिलाफ इंटरपोल के माध्यम से रेड कॉर्नर नोटिस जारी किया गया था। इसके आधार पर ओमान की रॉयल पुलिस ने उसे हिरासत में लिया। इसके बाद भारत सरकार, CBI, ED, इंटरपोल और ओमान के अधिकारियों के बीच समन्वय के बाद उसके प्रत्यर्पण को मंजूरी मिली। CBI की टीम मस्कट पहुंची और उसे भारत लेकर आई।

 

देशभर में फैला था ऑनलाइन सट्टेबाजी का नेटवर्क

 

जांच में सामने आया है कि महादेव ऑनलाइन बुक देश के सबसे बड़े अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी नेटवर्क में शामिल था, जिसका संचालन विदेश से किया जा रहा था। इस प्लेटफॉर्म के जरिए क्रिकेट, फुटबॉल, ताश समेत कई खेलों पर ऑनलाइन सट्टा संचालित किया जाता था।

 

CBI के मुताबिक, देशभर में फ्रेंचाइजी मॉडल पर पैनल और शाखाएं बनाकर लोगों को सट्टेबाजी से जोड़ा जाता था और बड़े पैमाने पर धन का लेनदेन किया जाता था।

 

हवाला के जरिए विदेश भेजी जाती थी रकम

 

जांच एजेंसी के अनुसार, सट्टेबाजी से अर्जित रकम विभिन्न बैंक खातों में जमा कराई जाती थी। इसके बाद कई स्तरों पर लेनदेन कर रकम को छिपाया जाता था और हवाला नेटवर्क के माध्यम से विदेश भेजा जाता था।

 

जांच में यह भी सामने आया कि नेटवर्क को बिना बाधा संचालित करने के लिए कुछ सरकारी कर्मचारियों को कथित तौर पर रिश्वत भी दी जाती थी।

 

2 नवंबर को रायपुर कोर्ट में पेशी

 

भारत पहुंचने के बाद सौरभ चंद्राकर का मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा। इसके बाद ट्रांजिट रिमांड पर उसे रायपुर लाया जाएगा। CBI उसे 2 नवंबर को विशेष CBI अदालत, रायपुर में पेश करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *