ठीहा छत्तीसगढ़ खबर का असर : कवर्धा जिले के रेंगाखार क्षेत्र के नगवाही गांव से हृदय विदारक मामला सामने आया था। जहां समलू सिंह मरकाम अपनी कैंसर पीड़ित पत्नी कपूरा मरकाम को बाइक पर बंधी चारपाई में लिटाकर इलाज के लिए भटक रहे थे। इस खबर को ठीहा छत्तीसगढ़ ने प्रमुखता से दिखाया, तब प्रशासन हरकत में आई। अब कैंसर पीड़िता कपूरा मरकाम को रायपुर रेफर कर दिया गया है, जहां उनका इलाज विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में शुरू हो गया है।

थायराइड कैंसर से तीन साल से जूझ रही थीं पीड़िता
जानकारी के अनुसार, कपूरा मरकाम पिछले तीन साल से थायराइड कैंसर से जूझ रही हैं। आर्थिक तंगी के कारण उनका इलाज नहीं हो पा रहा था। मजबूरी में पति समलू सिंह ने अपनी पुरानी बाइक पर लकड़ी की पटिया बांधकर चारपाई बना ली थी। इसी पर पत्नी को लिटाकर वह गांव-गांव इलाज की तलाश में निकल पड़ा था।

महिला को मिला बेहतर इलाज
मीडिया रिपोर्ट सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने त्वरित कार्रवाई की। महिला को तत्काल रायपुर के डॉ. भीमराव अंबेडकर अस्पताल (मेकाहारा) में रेफर किया गया। फिलहाल वहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की देखरेख में उनका कैंसर का उपचार चल रहा है।

पति ने कहा- अब पत्नी के ठीक होने की उम्मीद
समलू सिंह मरकाम ने कहा, हम गरीब लोग हैं, लेकिन अब उम्मीद जगी है कि मेरी पत्नी ठीक हो जाएगी। मीडिया ने हमारी आवाज़ ऊपर तक पहुंचाई।
Kawardha News: कैंसर पीड़ित पत्नी को बाइक पर लेकर इलाज के लिए भटक रहा पति, वीडियो वायरल
