CG Drug Smuggling: दुर्ग जिले के भिलाई शहर के खुर्सीपार क्षेत्र में स्कूल और कॉलेज के विद्यार्थियों को हेरोइन (चिट्टा) बेचने वाले एक संगठित नेटवर्क का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई में दो नाबालिग समेत 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से 70.460 ग्राम हेरोइन, नकदी, सोने-चांदी के आभूषण, मोबाइल फोन और एक कार सहित कुल 39 लाख 95 हजार 800 रुपए की संपत्ति जब्त की गई है।
मकान में चल रहा था हेरोइन का कारोबार
पुलिस के अनुसार, 19 सितंबर को मुखबिर से सूचना मिली थी कि खुर्सीपार के जोन नंबर-3 स्थित जीरो स्ट्रीट में जसबीर कौर उर्फ सोनू के मकान से हेरोइन की बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर दबिश दी और तलाशी के दौरान 70.460 ग्राम हेरोइन बरामद की, जिसकी अनुमानित कीमत 14 लाख 9 हजार 200 रुपए बताई गई है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने हेरोइन बिक्री से प्राप्त 2 लाख 35 हजार 100 रुपए नकद, सोने के 19 आभूषण, चांदी के गहने और बर्तन, आठ मोबाइल फोन तथा इलेक्ट्रॉनिक तराजू भी जब्त किए। शुरुआती कार्रवाई में कुल 29 लाख 22 हजार 300 रुपए की जब्ती की गई। इसके बाद एनडीपीएस अधिनियम और किशोर न्याय अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
13 आरोपी गिरफ्तार
जांच के दौरान गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की गई। पहले चरण में जसबीर कौर, नितेश सोनी, तिरकेश निषाद और दो नाबालिगों को गिरफ्तार किया गया।
इसके बाद अलग-अलग चरणों में गुरमीत सिंह उर्फ लक्की, हेमंत दयाल उर्फ राजू, आशीष कुमार शाह उर्फ कुक्कन, मनजी कुमार, रॉबी सिंह और ऋषि देव कुमार साहनी उर्फ ऋषि बाबा को गिरफ्तार किया गया।
कार मोबाइल सहित 10.73 लाख की अतिरिक्त जब्ती
24 नवंबर को पुलिस ने नेटवर्क से जुड़े दो अन्य आरोपियों रबेल सिंह और गौरव अहिरवार को भी गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 3,500 रुपए नकद, दो मोबाइल फोन और एक हुंडई आई-20 कार जब्त की गई। जब्त कार की कीमत 10 लाख रुपए आंकी गई है। साथ ही फाइल पेपर रोल भी बरामद किया गया। इस कार्रवाई में कुल 10 लाख 73 हजार 500 रुपए की अतिरिक्त जब्ती हुई।
अब तक 39.95 लाख रुपए की संपत्ति जब्त
पूरे मामले में पुलिस अब तक 70.460 ग्राम हेरोइन, 2 लाख 38 हजार 600 रुपए नकद, 9 लाख 65 हजार रुपए के सोने के आभूषण, 1 लाख 80 हजार रुपए के चांदी के गहने और बर्तन, 10 मोबाइल फोन, एक आई-20 कार, इलेक्ट्रॉनिक तराजू और अन्य सामग्री जब्त कर चुकी है। कुल जब्ती की कीमत 39 लाख 95 हजार 800 रुपए आंकी गई है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी हेरोइन की खरीद-बिक्री कर अवैध कमाई कर रहे थे और युवाओं को अपना निशाना बना रहे थे। सभी वयस्क आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि मामले में आगे की जांच जारी है।


