CG News: छत्तीसगढ़ की महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने गुजरात दौरे के दौरान गांधीनगर के यूनिट-2 स्थित ग्राम करई में संचालित नंद घर (आंगनबाड़ी केंद्रों) का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य, प्रारंभिक शिक्षा और आंगनबाड़ी केंद्रों में उपलब्ध सुविधाओं का अवलोकन कर वहां की कार्यप्रणाली की जानकारी ली।
भ्रमण के दौरान मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने बच्चों के लिए तैयार किए गए सीखने के वातावरण, पोषण संबंधी व्यवस्थाओं और माताओं को दी जा रही सेवाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि नंद घर बच्चों के सर्वांगीण विकास की मजबूत नींव रखने के साथ-साथ माताओं और परिवारों तक आवश्यक सेवाएं पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
गुजरात की मंत्री से की सौजन्य मुलाकात
गांधीनगर स्थित सचिवालय में मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने गुजरात की महिला एवं बाल विकास मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. मनीषा राजीवभाई वकील से सौजन्य भेंट की। इस दौरान दोनों राज्यों में संचालित महिला एवं बाल विकास योजनाओं, आंगनबाड़ी सेवाओं और बच्चों एवं महिलाओं के कल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में छत्तीसगढ़ के सामरी की विधायक उद्धेश्वरी पैकरा, गुजरात महिला एवं बाल विकास विभाग के सचिव राकेश शंकर तथा छत्तीसगढ़ महिला एवं बाल विकास विभाग की संचालक डॉ. रेणुका श्रीवास्तव भी मौजूद रहीं।
आंगनबाड़ी सेवाओं के बेहतर संचालन पर हुआ विचार-विमर्श
बैठक के दौरान मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने गुजरात में संचालित नंद घर मॉडल, आंगनबाड़ी केंद्रों की कार्यप्रणाली और विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की जानकारी प्राप्त की। दोनों राज्यों के बीच महिला एवं बाल विकास से जुड़े अनुभवों और बेहतर व्यवस्थाओं को साझा करने पर भी चर्चा हुई।
छत्तीसगढ़ में बेहतर होंगी आंगनबाड़ी सेवाएं
मंत्री ने कहा कि गुजरात के नंद घरों में अपनाई जा रही व्यवस्थाओं का अध्ययन छत्तीसगढ़ में आंगनबाड़ी केंद्रों को और अधिक प्रभावी बनाने में सहायक होगा। इसका उद्देश्य प्रत्येक बच्चे तक बेहतर पोषण, गुणवत्तापूर्ण प्रारंभिक शिक्षा और सुरक्षित एवं संवेदनशील देखभाल सुनिश्चित करना है।


