रायपुर: राजधानी रायपुर के वार्ड क्रमांक 35 में मंगलवार को एक बड़ा हादसा हो गया। पुजारी स्कूल के सामने स्थित मकान में प्लास्टर का काम चल रहा था, उसी दौरान तीसरी मंजिल से दो मजदूर नीचे गिर गए। इस हादसे में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मजदूर मकान की ऊपरी मंजिल पर प्लास्टर का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान प्लास्टर करने के लिए लगाए गए चाइली का संतुलन बिगड़ गया और वह टूट गई, जिससे दोनों मजदूर नीचे आ गिरे। बताया जा रहा है कि गिरने के बाद दोनों मजदूर जीवित थे, लेकिन समय पर उचित इलाज नहीं मिल पाने के कारण एक मजदूर की जान चली गई।

सबसे हैरानी की बात यह है कि इस निर्माण कार्य के लिए किसी मकान मालिक ने खुद ही बिना किसी विशेषज्ञ और सुरक्षा मानकों के मजदूरों से काम करवाया। मजदूरों को मजदूर मंडी से बुलाया गया था और उन्हें इस तरह के ऊंचाई वाले काम का कोई अनुभव नहीं था।
लापरवाही से गई एक जान
कम पैसों में काम करवाने की चाहत में मकान मालिक ने ठेकेदार को काम न देकर सीधा मजदूरों से काम करवाना शुरू किया, जिसकी भारी कीमत एक मजदूर की जान से चुकानी पड़ी। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद मकान मालिक मजदूर को तत्काल अस्पताल ले गया, लेकिन उसकी हालत गंभीर थी। एक की मौत हो चुकी थी और दूसरा अभी भी जिंदगी और मौत से जूझ रहा है।
मामले को दबाने की कोशिश
आरोप है कि मकान मालिक इस पूरे मामले को दबाने की कोशिश कर रहा है और घटना की सूचना पुलिस को देरी से दी गई। हालांकि, यह मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
