CM Helpline 1076: बलौदाबाजार जिले में सीएम हेल्पलाइन 1076 पर दर्ज शिकायतों का समय-सीमा के भीतर और गुणवत्तापूर्ण निराकरण नहीं करने वाले अधिकारियों के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। कलेक्टर कुलदीप शर्मा के निर्देश पर तहसीलदार सहित तीन अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिनों के भीतर जवाब मांगा गया है।
कलेक्टर ने समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को अपने आईडी में लंबित शिकायतों का समयबद्ध और संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर तहसीलदार सिमगा, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (पीएचई) के कार्यपालन अभियंता तथा जनपद पंचायत बलौदाबाजार के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) को नोटिस जारी किया गया है।
समयबद्ध निराकरण के दिए गए निर्देश
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करना सभी संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी है। शिकायतों के निराकरण में लापरवाही या अनावश्यक देरी को गंभीरता से लिया जाएगा।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के निर्देशानुसार प्रदेश सरकार द्वारा नागरिकों की शिकायतों और मांगों के त्वरित निवारण के लिए सीएम हेल्पलाइन पोर्टल संचालित किया जा रहा है। इस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों को संबंधित विभागों की आईडी में दर्ज कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर उनका समाधान करना अनिवार्य है, ताकि लोगों को पारदर्शी और प्रभावी सेवाएं मिल सकें।

