Balod News: छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में मंडी सचिव संजीव वाहिले के प्रमोशन के बाद उनके दफ्तर में ही मुर्गा पार्टी का आयोजन किया गया। चौंकाने वाली बात यह रही कि यह दावत कार्यालयीन समय और दफ्तर परिसर में ही आयोजित की गई।

ऑफिस टाइम में चली दावत, कर्मचारियों ने तैयार किया भोजन
जानकारी के मुताबिक, यह मामला जिला मुख्यालय बालोद के गंजपारा स्थित कृषि उपज मंडी कार्यालय का है। बुधवार को मंडी परिसर में ही कर्मचारियों द्वारा भोजन तैयार किया जा रहा था। सूत्रों के अनुसार, भोजन में मुर्गा समेत अन्य व्यंजन शामिल थे। बताया जा रहा है कि यह पार्टी सचिव संजीव वाहिले के प्रमोशन की खुशी में दी गई थी।

सचिव ने पार्टी से किया इनकार
मामले में जब मंडी सचिव संजीव वाहिले से संपर्क किया गया, तो उन्होंने किसी भी पार्टी से इनकार किया। वाहिले ने कहा कि मैं मीटिंग में गया हुआ था। मुझे नहीं पता कि मंडी कार्यालय में क्या हुआ।
