Raipur Loot: दुर्ग जिले के कुछ युवकों पर रायपुर से एक 17 वर्षीय नाबालिग का अपहरण कर उसके साथ लूटपाट और बेरहमी से मारपीट करने का आरोप लगा है। पीड़ित पक्ष का दावा है कि मोवा क्षेत्र से कार में बैठाकर पहले माना और फिर भिलाई ले जाया गया, जहां करीब 10 से 11 युवकों ने उसे घेरकर बेसबॉल बैट सहित अन्य हथियारों से हमला किया। गंभीर चोट लगने के कारण नाबालिग के जबड़े में 3 जगह फ्रैक्चर हुआ है। उसे उपचार के लिए रायपुर डेंटल कॉलेज रेफर किया गया है।
मोवा से कार में बैठाकर ले गया
पीड़ित पक्ष के अनुसार, 10 सितंबर 2026 को अरमान सिद्दीकी, रोशन सोनी, मुदित मिश्रा और शिव सोनी ने दलदल सिवनी रोड, मोवा से नाबालिग को जबरन वरना कार में बैठाया। आरोप है कि कार में बैठाते ही उसके साथ मारपीट शुरू कर दी गई और बाद में उसे माना होते हुए भिलाई ले जाया गया।
रास्ते में लूटे नकदी और जेवर
आरोप है कि कुम्हारी टोल प्लाजा के पास आरोपियों ने नाबालिग के पास मौजूद ब्रेसलेट, गले की चेन, अंगूठी, दो मोबाइल फोन और 40 हजार रुपये नकद छीन लिए। पीड़ित पक्ष का कहना है कि यह रकम उसके एक दोस्त की थी। साथ ही मोबाइल से सिम कार्ड निकालने का भी आरोप लगाया गया है।
10-11 युवकों ने बेरहमी से पीटा
पीड़ित के मुताबिक, भिलाई के एक मैदान में पहुंचने के बाद 5-6 अन्य युवक भी वहां आ गए। इसके बाद करीब 10 से 11 लोगों ने उसे घेरकर जमकर मारपीट की। आरोप है कि बेसबॉल बैट से भी हमला किया गया, जिससे उसके जबड़े में तीन जगह फ्रैक्चर हो गया।
खाकी वर्दी वाले व्यक्ति का भी जिक्र
पीड़ित ने दावा किया है कि भिलाई ले जाते समय आरोपियों की मुलाकात खाकी वर्दी पहने एक व्यक्ति से हुई। उसके अनुसार, उस व्यक्ति ने आरोपियों को पहले घायल के लिए कपड़े खरीदने और फिर उसके खिलाफ शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी। हालांकि, इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जामुल थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों के खिलाफ अपहरण और लूट सहित अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान कुछ आरोपियों के बयानों में विरोधाभास भी सामने आया है। अब सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल और कथित रूप से लूटे गए सामान की जांच की जा रही है।


