CG School News: गणित का सवाल हल नहीं कर पाई तो छात्रा को मारे थप्पड़, राज्यपाल सम्मानित शिक्षक ने मांगी माफी; स्कूल में बच्चों से लगवाई जा रही झाड़ू

CG School News: छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में गणित का सवाल हल नहीं कर पाने पर शिक्षक द्वारा 8 साल की छात्रा की पिटाई करने का मामला सामने आया है। फिंगेश्वर ब्लॉक के ग्राम भेंडरी स्थित सरकारी प्राथमिक स्कूल में शिक्षक भागचंद चतुर्वेदी ने छात्रा के गाल और कान के पास थप्पड़ मारे, जिससे उसके चेहरे पर चोट के निशान आ गए।

CG School News: छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में गणित का सवाल हल नहीं कर पाने पर शिक्षक द्वारा 8 साल की छात्रा की पिटाई करने का मामला सामने आया है। फिंगेश्वर ब्लॉक के ग्राम भेंडरी स्थित सरकारी प्राथमिक स्कूल में शिक्षक भागचंद चतुर्वेदी ने छात्रा के गाल और कान के पास थप्पड़ मारे, जिससे उसके चेहरे पर चोट के निशान आ गए।

घटना के बाद शिक्षक ने गुस्से में आकर छात्रा को मारने की बात स्वीकार करते हुए माफी मांगी है। वहीं परिवार वालों का कहना है कि घटना के बाद से बच्ची डरी हुई है और ठीक से खाना-पीना भी नहीं कर रही है।

मामले की जांच के लिए जिला शिक्षा अधिकारी राजेश चंद्राकर ने तीन सदस्यीय जांच टीम गठित की है। बताया जा रहा है कि शिक्षक भागचंद चतुर्वेदी को 5 सितंबर 2022 को तत्कालीन राज्यपाल के हाथों राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान मिल चुका है।

रायगढ़ में बच्चों से लगवाई गई झाड़ू

वहीं रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ ब्लॉक के ग्राम अलोला स्थित सरकारी स्कूल में छोटे बच्चों से साफ-सफाई कराने का मामला सामने आया है। स्कूल में पढ़ाई करने पहुंचे बच्चे कक्षा और स्कूल परिसर में झाड़ू लगाते नजर आए, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

जानकारी के अनुसार, 7 अक्टूबर की सुबह करीब 9 बजे आ.जा. कल्याण शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला अलोला में बच्चे स्कूल परिसर की सफाई करते दिखाई दिए। वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा विभाग ने मामले की जांच कराने की बात कही है।

रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई

जिला शिक्षा अधिकारी श्यामानंद साहू ने बताया कि स्कूलों में स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत सामूहिक रूप से साफ-सफाई की गतिविधियां कराई जाती हैं। हालांकि, इस मामले में रिपोर्ट मंगाई गई है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

गणित का सवाल नहीं बना तो छात्रा को पीटा

गरियाबंद जिले के ग्राम भेंडरी स्थित सरकारी प्राथमिक स्कूल में तीसरी कक्षा की 8 वर्षीय छात्रा के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। छात्रा ने बताया कि शिक्षक भागचंद चतुर्वेदी ने गणित का सवाल दिया था, जिसे वह हल नहीं कर पाई।

इसके बाद शिक्षक ने गुस्से में उसके गाल और कान के पास कई थप्पड़ मारे। शिक्षक ने भी स्वीकार किया कि बार-बार समझाने के बाद सवाल नहीं समझने पर उन्होंने गुस्से में छात्रा को थप्पड़ मार दिए।

ग्रामीणों ने की कार्रवाई की मांग

ग्रामीणों का आरोप है कि शिक्षक पहले भी बच्चों के साथ मारपीट कर चुके हैं। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर कार्रवाई की मांग की है।

पूर्व सरपंच थानेश साहू ने भी छात्रा के साथ हुई घटना की निंदा करते हुए शिक्षक के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है।

तीन सदस्यीय जांच टीम करेगी जांच

जिला शिक्षा अधिकारी राजेश चंद्राकर ने मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम बनाई है। टीम में तीन प्राचार्यों को शामिल किया गया है। जांच कमेटी को तीन दिन के भीतर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।

जांच रिपोर्ट में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर शिक्षक के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *