CG Weather Update: छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज बदलने लगा है और प्रदेश में तापमान लगातार बढ़ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक फिलहाल पूरे राज्य में मौसम शुष्क बना हुआ है और आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ने के संकेत हैं।

मौसम विभाग के अनुसार आगामी 4 दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की क्रमिक वृद्धि होने की संभावना है। इसके बाद अगले 2 दिनों तक तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं होगा। वहीं न्यूनतम तापमान में अगले 7 दिनों तक किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं जताई गई है।
सिनॉप्टिक सिस्टम का हाल
पूर्वोत्तर बांग्लादेश और उससे सटे मेघालय से गंगीय पश्चिमी बंगाल, आंतरिक ओडिशा और दक्षिणी छत्तीसगढ़ होते हुए विदर्भ तक फैले चक्रवाती परिसंचरण के ऊपर से गुजरने वाली द्रोणिका समुद्र तल से 0.9 किमी ऊपर बनी हुई है। हालांकि इसका प्रदेश में फिलहाल कोई विशेष प्रभाव नहीं दिख रहा है।

मौसम का पूर्वानुमान
आज प्रदेश में मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है। किसी प्रकार की चेतावनी जारी नहीं की गई है। आगामी दो दिनों के बाद भी प्रदेश में मौसम शुष्क ही बने रहने के आसार हैं।
रायपुर में आज का मौसम
रायपुर में आज आसमान मुख्यतः साफ रहने की संभावना है। वहीं अधिकतम तापमान लगभग 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 22 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
