CG News: पुल पर निकले सरिए देख भड़के डिप्टी CM अरुण साव, बोले- क्या हादसे का इंतजार कर रहे हैं अधिकारी

CG News: पुल पर निकले सरिए देख भड़के डिप्टी CM अरुण साव, बोले- क्या हादसे

CG News: छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री और लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने अंबिकापुर-प्रतापपुर मार्ग पर महान नदी के पुल की खराब हालत देखकर अपना काफिला रुकवा दिया। पुल पर गड्ढे और बाहर निकले सरिए देखकर उन्होंने अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई।

उन्होंने लोक निर्माण विभाग के सेतु संभाग के अधिकारी से कहा कि इतने बड़े पुल की ऐसी स्थिति क्यों बनी हुई है। इससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। क्या विभाग किसी दुर्घटना का इंतजार कर रहा है?

अधिकारी ने जल्द काम कराने की बात कही, जिस पर मंत्री अरुण साव ने सवाल उठाया कि जब मरम्मत कार्य के लिए कोई परेशानी नहीं है तो अब तक सुधार क्यों नहीं कराया गया। उन्होंने कहा कि पुल की यह हालत अचानक नहीं हुई होगी, इसकी निगरानी और समय पर मरम्मत जरूरी है।

 

पुल की हालत देखकर रुकवाया काफिला

गुरुवार को अरुण साव अंबिकापुर से बलरामपुर जा रहे थे। निर्माणाधीन राष्ट्रीय राजमार्ग-343 की खराब स्थिति के कारण उन्हें अंबिकापुर से प्रतापपुर होते हुए डौरा-कोचली-सेमरसोत मार्ग से जाना पड़ा।

इसी दौरान अंबिकापुर-प्रतापपुर मार्ग पर महान नदी के पुल पर गड्ढे और बाहर निकले लोहे के सरिए दिखाई दिए। पुल की स्थिति देखकर मंत्री ने अपना काफिला रुकवाया और मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने सरगुजा लोक निर्माण विभाग सेतु संभाग के अधिकारी रमेश कुमार वर्मा से मरम्मत कार्य में देरी को लेकर जानकारी ली। मंत्री ने कहा कि जब काम की मंजूरी में कोई दिक्कत नहीं है तो पुल की स्थिति अब तक क्यों नहीं सुधारी गई।

अरुण साव बोले- मुझे खुद सड़क और पुल देखने आना पड़ रहा है

निरीक्षण के दौरान मंत्री अरुण साव ने कहा कि इतने बड़े पुल की यह स्थिति चिंता का विषय है। उन्होंने अधिकारियों से पूछा कि पुल पर गड्ढे हैं और सरिए बाहर निकले हुए हैं, ऐसे में दुर्घटना का खतरा नहीं है क्या।

उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि सड़क और पुल की स्थिति देखने के लिए उन्हें खुद मौके पर आना पड़ रहा है। उन्होंने अधिकारियों को व्यवस्था सुधारने और समय पर काम पूरा करने के निर्देश दिए।

राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण से बढ़ा मार्ग पर दबाव

राष्ट्रीय राजमार्ग-343 का निर्माण कार्य चलने के कारण अंबिकापुर और प्रतापपुर के बीच कई वाहन वैकल्पिक मार्गों का उपयोग कर रहे हैं। इससे अंबिकापुर-प्रतापपुर-सेमरसोत मार्ग पर वाहनों का दबाव बढ़ गया है।

चारपहिया वाहन, यात्री बसें और दोपहिया वाहन इसी मार्ग से आवाजाही कर रहे हैं। ऐसे में महान नदी के पुल की खराब स्थिति से हादसे का खतरा और बढ़ गया है।

बारिश के कारण प्रतापपुर-डौरा-सेमरसोत मार्ग के कई हिस्से भी खराब हो गए हैं, जिससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

22 किलोमीटर सड़क मरम्मत का काम जल्द शुरू होगा

अधिकारियों के अनुसार, मार्ग के 22 किलोमीटर हिस्से की मरम्मत के लिए राशि जारी हो चुकी है और टेंडर प्रक्रिया पूरी हो गई है। सड़क की मरम्मत का काम 15 अक्टूबर के बाद शुरू किया जाएगा। फिलहाल गड्ढों को भरने का काम किया जा रहा है।

वहीं महान नदी पुल पर निकले सरियों और गड्ढों को लेकर मंत्री ने नाराजगी जताई है। पुल की मरम्मत पूरी होने की समय सीमा अभी स्पष्ट नहीं की गई है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *