Raipur Suicide: विज्ञापन एजेंसी के संचालक ने की आत्महत्या, फांसी के फंदे पर लटका मिला शव

Raipur Suicide: राजधानी रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र से आत्महत्या का मामला सामने आया है। यहां एक एडवरटाइजिंग एजेंसी के संचालक ने आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान रंजन पुरोहित के रूप में हुई है, जो शहर में एक प्रतिष्ठित एडवरटाइजिंग एजेंसी का संचालन करते थे।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, रंजन पुरोहित बीते कुछ समय से अपने व्यवसाय में हो रहे नुकसान को लेकर मानसिक तनाव में थे। हालांकि, आत्महत्या के पीछे के सटीक कारणों को लेकर पुलिस ने अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

बताया जा रहा है कि रंजन पुरोहित अपने परिवार के साथ न्यू राजेंद्र नगर स्थित एक अपार्टमेंट के फ्लैट में रहते थे। उन्होंने उसी फ्लैट के एक कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना का खुलासा उस समय हुआ जब परिजन कमरे में पहुंचे और उन्हें फंदे पर लटका देखा। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही न्यू राजेंद्र नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *