Dhirendra Krishna Shastri: हनुमंत कथा के लिए भिलाई पहुंचे पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के एक बयान पर छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भड़क गए हैं। बघेल ने शास्त्री के बयान पर नाराजगी जताते हुए कहा कि वह छत्तीसगढ़ में केवल पैसा बटोरने आते हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा- जब धीरेंद्र शास्त्री का जन्म भी नहीं हुआ था, तब से मैं हनुमान चालीसा पढ़ रहा हूं। मेरा बेटा भी उनसे दस साल बड़ा है। कल का बच्चा हमें सनातन धर्म सिखाएगा?

भूपेश बघेल ने आगे कहा कि छत्तीसगढ़ संत, कबीर और गुरु घासीदास की भूमि है, जहां शांति और सद्भाव की परंपरा रही है। उन्होंने पंडित धीरेंद्र शास्त्री को खुली चुनौती देते हुए कहा कि अगर उनमें क्षमता है तो वे छत्तीसगढ़ के किसी भी साधु-संत से शास्त्रार्थ कर लें।

दिव्य दरबार को लेकर भी उठे सवाल
पूर्व मुख्यमंत्री ने दिव्य दरबार और चमत्कारों को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अगर लोग सिर्फ दिव्य दरबार से ही ठीक हो रहे हैं तो फिर मेडिकल कॉलेज खोलने की जरूरत क्यों पड़ रही है। बघेल ने आरोप लगाया कि धीरेंद्र शास्त्री भारतीय जनता पार्टी के एजेंट के रूप में काम कर रहे हैं और दूसरे प्रदेशों में जाकर राजनीतिक बयानबाजी करते हैं।
भूपेश बघेल ने स्पष्ट कहा कि छत्तीसगढ़ शांति का टापू है और यहां के लोग किसी भी तरह के उकसावे और धार्मिक राजनीति को स्वीकार नहीं करेंगे।
