Raipur iPhone Theft: छत्तीसगढ़ के रायपुर स्थित तेलीबांधा के iPhone स्टोर से 1.89 करोड़ रुपए के 173 आईफोन चोरी मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। चोरी के आरोपियों तक पहुंचने के लिए पुलिस ने करीब 265 किलोमीटर क्षेत्र में 1 हजार से ज्यादा सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जांच के दौरान एक गाड़ी की परछाई पुलिस के लिए अहम सुराग बनी, जिसके आधार पर आरोपियों की पहचान की गई।
पुलिस अब तक चोरी किए गए 125 आईफोन बरामद कर चुकी है, जबकि करीब 40 फोन की तलाश जारी है। इस मामले में राकेश कंजर और सैफान को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, मुख्य सरगना राजेश कंजर समेत तीन आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया था, जबकि सैफान ने चोरी के फोन बेचने में मदद की थी। दो आरोपी अभी फरार हैं।
कंजर गैंग ने 8 मिनट में उड़ाए 173 iPhone
पुलिस कमिश्नर संजीव शुक्ला ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 24 अक्टूबर को तीन आरोपी चोरी की गाड़ी से तेलीबांधा स्थित आईनेक्स्ट एप्पल स्टोर पहुंचे थे। आरोपियों ने महज 8 मिनट के भीतर दुकान में चोरी की और फरार हो गए।
चोर आईफोन के अलावा स्मार्ट वॉच, हेडफोन और दुकान का डीवीआर भी अपने साथ ले गए थे। मामले की जांच के लिए 40 पुलिसकर्मियों की टीम बनाई गई थी।
4 राज्यों में भेजी गई पुलिस टीम
आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें दिल्ली, राजस्थान, मध्यप्रदेश और गुजरात भेजी गईं। जांच में पता चला कि आरोपी 24 अक्टूबर को रायपुर पहुंचे थे। इसके बाद वे देवास गए और 31 अक्टूबर को दोबारा रायपुर आए। सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस ने आरोपियों की आवाजाही और उनके संपर्कों की जानकारी जुटाई।
गाड़ी की परछाई बनी अहम सुराग
पुलिस ने करीब 265 किलोमीटर के दायरे में 1 हजार सीसीटीवी कैमरों की जांच की। इसी दौरान एक फुटेज में गाड़ी की परछाई दिखाई दी, जो जांच में महत्वपूर्ण सुराग साबित हुई। इसी आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची।
जांच के दौरान चोरी के आईफोन इंदौर के सैफान तक पहुंचने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने उसकी गतिविधियों पर नजर रखी।
भेष बदलकर पुलिस ने की निगरानी
चोरी के सामान की कड़ी इंदौर तक पहुंचने के बाद पुलिस टीम ने भेष बदलकर सैफान के घर की निगरानी की। लगातार जांच और पीछा करने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया और चोरी के फोन बरामद किए।
पुलिस के अनुसार, अभी करीब 40 आईफोन बरामद किए जाना बाकी हैं। मामले में फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
कंजर गैंग से जुड़े होने की आशंका
पुलिस जांच में सामने आया है कि वारदात में मध्यप्रदेश के देवास से जुड़े कंजर गैंग का हाथ है। इस गैंग पर अलग-अलग राज्यों में चोरी, वाहन चोरी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने के आरोप रहे हैं। पुलिस अब चोरी के फोन की खरीद-बिक्री से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच कर रही है।




