Durg Murder: अमरूद तोड़ने गया जीजा, साले ने सिर पर सिलबट्टा मारकर की हत्या

Durg Murder: छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में अमरूद तोड़ने को लेकर हुए विवाद ने जानलेवा रूप ले लिया। बोरसी क्षेत्र के पंचशील सेक्टर, सड़क नंबर 18 में शुक्रवार सुबह साले ने अपने जीजा के सिर पर सिलबट्टा मारकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच जमीन बेचने के बाद पैसों के बंटवारे को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। घटना पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र की है।

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे राजकुमार वर्मा अपने साले गोविंदराज के घर अमरूद तोड़ने पहुंचे थे। इस दौरान राजकुमार की पत्नी ने उन्हें घर के अंदर न जाने की सलाह दी थी, लेकिन वे अंदर चले गए। इसी बात पर गोविंदराज भड़क उठा और दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि हाथापाई होने लगी। राजकुमार के पास एक डंडा था, जिसे गोविंदराज ने छीनकर फेंक दिया। इसके बाद वह घर के अंदर गया और वहां रखे सिलबट्टे से राजकुमार के सिर पर वार कर दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने से राजकुमार की मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या के बाद आरोपी गोविंदराज भागा नहीं, बल्कि सीधे पद्मनाभपुर थाना पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया। उसने पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

मृतक के भाई संजू वर्मा ने बताया कि राजकुमार भिलाई के बोरिया गेट के पास एक निजी अस्पताल में कार्यरत थे। परिजनों ने बताया कि राजकुमार और गोविंदराज के बीच जमीन बेचने के बाद पैसों के बंटवारे को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। परिजनों का कहना है कि इसी विवाद के कारण मामूली बात पर साले ने जीजा की हत्या कर दी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *