Bilaspur Firing Case: बिलासपुर गोलीकांड के मुख्य आरोपी अकबर खान 24 घंटे में गिरफ्तार, अब तक 9 आरोपी सलाखों के पीछे

Bilaspur Firing Case: बिलासपुर जिले के मस्तूरी गोलीकांड मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जांच के दौरान मिले सबूतों के आधार पर पुलिस ने कांग्रेस नेता अकबर खान और मुख्य आरोपित के गांव के एक युवक को गिरफ्तार किया है। अब तक इस सनसनीखेज मामले में कुल 9 आरोपितों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

मस्तूरी जनपद उपाध्यक्ष नितेश सिंह पर 28 अक्टूबर की शाम नकाबपोश हमलावरों द्वारा की गई फायरिंग की गई। फायरिंग में पूर्व सरपंच चंद्रभान सिंह और बस एजेंट राजू सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। नितेश की जवाबी फायरिंग से डरकर हमलावर भाग निकले। घटना के बाद पुलिस ने शहर के 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगालकर आरोपित तक पहुंच बनाई। जांच में सामने आया कि नितेश सिंह और मुख्य आरोपी विश्वजीत अनंत के बीच जमीन विवाद और राजनीतिक वर्चस्व की लड़ाई चल रही थी।

जांच में मिले नए सुराग

विवेचना के दौरान गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में षड्यंत्र में शामिल अन्य व्यक्तियों के नाम सामने आए हैं। पुलिस ने होटल, ढाबा और शहर के प्रमुख स्थानों के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर उनके अपराध में शामिल होने के प्रमाण जुटाए हैं। इसके बाद देवेश सुमन और अकबर खान को गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश पर जेल भेजा गया है।

संगठित अपराध की धारा जोड़ी गई

एएसपी राजेंद्र कुमार जायसवाल ने बताया कि आरोपित के खिलाफ पहले से कई गंभीर अपराध अलग-अलग थानों में दर्ज हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए इसमें बीएनएस की धारा 111 जोड़ी गई है। पुलिस अन्य आरोपित की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। एसएसपी रजनेश सिंह ने स्पष्ट किया है कि मामले में शामिल आरोपित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मामले में चार संदेहियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही कुछ और लोगों की गिरफ्तारी होगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *