Raigarh News: धान और जमीन के बंटवारे पर खून-खराबा; छोटे भाई ने बसुला से हमला कर बड़े भाई की ली जान

Raigarh News: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से खौफनाक मामला मामला सामने आया है, जहां जमीन और धान के बंटवारे को लेकर दो सगे भाइयों के बीच ऐसा विवाद हुआ कि एक की जान चली गई। यह पूरा मामला रायगढ़ जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र के ग्राम बैस्कीमुडा का है जहां छोटे भाई ने बड़े भाई पर धारदार औजार से हमला कर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

विवाद से हत्या तक की कहानी

दरअसल, घटना 27 जून की रात करीब 8 बजे की है। अरविंद पैकरा अपने बड़े भाई अर्जुन पैकरा (37 वर्ष) के घर पहुंचा और धान व जमीन के बंटवारे की बात छेड़ दी। बताया जा रहा है कि पहले भी धान बेचने को लेकर दोनों के बीच विवाद हो चुका था। इसी पुरानी रंजिश ने उस रात उग्र रूप ले लिया। गुस्से में आकर अरविंद ने घर में रखे धारदार बसुला (लकड़ी काटने का औजार) से अर्जुन के पेट पर जोरदार हमला कर दिया। हमले में अर्जुन गंभीर रूप से घायल हो गया।

इलाज में देरी बनी मौत की वजह

बता दें, घटना के दो दिन बाद 29 जून को अरविंद ही घायल अर्जुन को रायगढ़ इलाज के लिए लेकर पहुंचा। लेकिन डॉक्टर से उसी दिन इलाज नहीं हो सका। अगले दिन जब अर्जुन को दूसरे डॉक्टर के पास ले जाया गया तो उन्होंने पेट में गंभीर जख्म बताते हुए अस्पताल में भर्ती करने के बजाय घर ले जाने की सलाह दी। 30 जून को जब अर्जुन को घर लाया जा रहा था, तब रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

पुलिस ने दर्ज किया हत्या का केस

घटना की जानकारी लैलूंगा पुलिस को 1 जुलाई की दोपहर को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने परिजनों से पूछताछ के बाद आरोपी अरविंद पैकरा के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत हत्या का अपराध दर्ज किया और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *