Raipur Modified Silencer Action: रायपुर में मोडिफाई साइलेंसर पर पुलिस का एक्शन, 65 बुलेट जब्त; 5-5 हजार का जुर्माना

Raipur Modified Silencer Action

Raipur Modified Silencer Action: राजधानी रायपुर में तेज आवाज वाले मोडिफाई साइलेंसर लगाकर सड़कों पर दौड़ रही बुलेट मोटरसाइकिलों पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। यातायात पुलिस ने विशेष अभियान के तहत 65 बुलेट वाहनों को जब्त किया है। नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रत्येक वाहन चालक पर 5-5 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया है।

यह कार्रवाई पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (यातायात) विवेक शुक्ला के मार्गदर्शन और सहायक पुलिस आयुक्त के नेतृत्व में की गई। अभियान के दौरान शहर के प्रमुख मार्गों पर चेकिंग प्वाइंट लगाए गए, जहां मोडिफाई और अमानक साइलेंसर लगे वाहनों की सघन जांच की गई।

अमानक साइलेंसर उतरवाकर किए जब्त

जांच में पकड़े गए सभी बुलेट वाहनों से मौके पर ही अमानक और मोडिफाई साइलेंसर उतरवाए गए। मोटरयान अधिनियम के तहत जुर्माना वसूलने के बाद साइलेंसर जब्त किए गए। पुलिस ने स्पष्ट किया कि वाहन स्वामियों को मानक साइलेंसर लगवाने के बाद ही उनके वाहन वापस किए गए।

तेज आवाज से हादसों का खतरा

यातायात पुलिस के अनुसार, कई बुलेट चालक अवैध तरीके से मोडिफाई साइलेंसर लगाकर चलते हैं, जिससे सड़क पर अचानक पटाखे जैसी तेज आवाज होती है। इससे दूसरे वाहन चालक घबरा जाते हैं और अनियंत्रित होकर दुर्घटना का शिकार हो सकते हैं। इसी खतरे को देखते हुए यह विशेष अभियान चलाया गया।

वाहन चालकों और दुकानदारों से अपील

पुलिस ने बुलेट और अन्य स्पीड बाइक चालकों से अपील की है कि वे केवल कंपनी की ओर से दिए गए मानक साइलेंसर का ही उपयोग करें। तेज आवाज और ध्वनि प्रदूषण न सिर्फ कानून का उल्लंघन है, बल्कि जानलेवा भी साबित हो सकता है।

साथ ही ऑटो पार्ट्स दुकानदारों और बुलेट वाहन विक्रेताओं को भी चेतावनी दी गई है कि वे अमानक और असुरक्षित साइलेंसर या अन्य सामग्री की बिक्री न करें। ऐसा पाए जाने पर मोटरयान अधिनियम के तहत दुकानों और फर्मों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *