Bilaspur Murder: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक बेटे ने दुकान के कब्जे को लेकर अपने ही पिता की लाठी से पीट-पीटकर हत्या कर दी। यह वारदात सकरी थाना क्षेत्र के ग्राम बिनौरी के काठाकोनी की है। पिता-पुत्र के बीच चाय-नाश्ते की दुकान को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था, जो सोमवार को जानलेवा झगड़े में बदल गया।

जानकारी के अनुसार, टिल्ली उर्फ राजेश यादव और उसके पिता हरप्रसाद यादव काठाकोनी में चाय-नाश्ते की दुकान चलाते थे। यही उनके परिवार की आजीविका का एकमात्र साधन था। लेकिन दुकान लगाने को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।

6 अक्टूबर की शाम दोनों ने शराब पी रखी थी। इसी दौरान दुकान के कब्जे को लेकर फिर झगड़ा शुरू हो गया। गुस्से में आकर बेटे टिल्ली ने घर में रखी लाठी उठाई और पिता पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। लाठी के प्रहार से हरप्रसाद खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़े और बेहोश हो गए।

शोर सुनकर गांव के पंच मोहन भारद्वाज सहित अन्य लोग मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस की मदद से घायल को सिम्स अस्पताल ले जाया गया। लेकिन इलाज के दौरान मंगलवार को उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी बेटे टिल्ली उर्फ राजेश यादव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
