CG Weather Update: रायपुर में 9 दिन में मौसम ने बदले 3 रंग, चक्रवात अकवान के असर से पहले गर्मी फिर बारिश, अब बढ़ने लगा तापमान

CG Weather Update: चक्रवाती तूफान अकवान के प्रभाव से राजधानी रायपुर में नौ दिनों के भीतर मौसम ने तेजी से करवट ली। पहले तेज गर्मी का असर रहा, फिर बारिश और बादलों के कारण तापमान में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। अब मौसम साफ होने के साथ दिन का पारा फिर बढ़ने लगा है।

मौसम विभाग के 14 से 22 नवंबर के आंकड़ों के विश्लेषण में सामने आया है कि इस दौरान दिन और रात के तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिला। 15 नवंबर को अधिकतम और न्यूनतम तापमान के बीच 13.6 डिग्री सेल्सियस का अंतर था, जो 20 नवंबर को घटकर केवल 2.7 डिग्री रह गया। इसके बाद 21 नवंबर को यह अंतर बढ़कर 4 डिग्री और 22 नवंबर को 9.9 डिग्री दर्ज किया गया।

5 दिन में 10.8 डिग्री गिरा दिन का पारा

15 नवंबर को रायपुर का अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया था। चक्रवात के असर और बारिश के कारण अगले पांच दिनों में इसमें 10.8 डिग्री की गिरावट आई और 20 नवंबर को अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

इसके बाद मौसम साफ होते ही तापमान में तेजी से बढ़ोतरी शुरू हुई। महज दो दिनों में अधिकतम तापमान 8.1 डिग्री बढ़कर 29.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सबसे अधिक गिरावट 19 से 20 नवंबर के बीच 7.4 डिग्री और सबसे तेज बढ़ोतरी 21 से 22 नवंबर के बीच 4.9 डिग्री रही।

बारिश के बाद बदला मौसम का मिजाज

14 से 19 नवंबर तक राजधानी में बारिश नहीं हुई थी। इसके बाद 20 नवंबर को सुबह 8:30 बजे तक 2.4 मिमी और शाम 5:30 बजे तक 11.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई। 21 नवंबर की सुबह तक 14.9 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई, जबकि 22 नवंबर को केवल ट्रेस बारिश दर्ज की गई।

इस दौरान बादलों की मात्रा भी लगातार कम होती गई। जहां पहले आसमान पूरी तरह बादलों से ढका हुआ था, वहीं रविवार तक बादलों का प्रतिशत घटकर 60 रह गया। रविवार को सुबह सापेक्षिक आर्द्रता 98 प्रतिशत और शाम को 80 प्रतिशत दर्ज की गई।

रायपुर में सामान्य से कम रहा तापमान

रविवार को राजधानी का अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में मौसम साफ रहने के साथ तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने की संभावना है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *