CG Job:  छत्तीसगढ़ में स्पेशल एजुकेटर के 38 पदों पर भर्ती, ये है आवेदन के लास्ट डेट

Teacher

CG Job:  छत्तीसगढ़ में स्पेशल एजुकेटर के 38 पदों पर सीधी भर्ती की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। लोक शिक्षण संचालनालय ने भर्ती के लिए संक्षिप्त विज्ञापन जारी कर दिया है। इच्छुक और पात्र अभ्यर्थी 20 नवंबर 2026 से आवेदन कर सकेंगे। आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 4 दिसंबर 2026 शाम 5 बजे तक निर्धारित की गई है।

वेबसाइट पर जारी किया गया विज्ञापन

लोक शिक्षण संचालनालय के अनुसार स्पेशल एजुकेटर के 38 पदों पर भर्ती के लिए विस्तृत विज्ञापन विभागीय वेबसाइट https://eduportal.cg.nic.in/  पर उपलब्ध कराया गया है। अभ्यर्थी निर्धारित प्रारूप में आवेदन पत्र भरकर व्यक्तिगत रूप से या पंजीकृत डाक के माध्यम से जमा कर सकते हैं।

इन कार्यालयों में जमा होंगे आवेदन

अभ्यर्थी अपने आवेदन कार्यालय संभागीय संयुक्त संचालक, शिक्षा संभाग बस्तर, बिलासपुर, दुर्ग, रायपुर और सरगुजा में जमा कर सकेंगे। सभी कार्यालयीन दिनों में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक आवेदन स्वीकार किए जाएंगे।

लोक शिक्षण संचालनालय ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित कार्यालयों के अलावा किसी अन्य कार्यालय में जमा किए गए आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। साथ ही अभ्यर्थियों को अलग-अलग जिलों या संभागों के लिए अलग आवेदन करने की जरूरत नहीं होगी। एक ही आवेदन सभी विज्ञापित पदों के लिए मान्य होगा।

अंतिम तिथि के बाद आवेदन नहीं होंगे स्वीकार

विभाग ने बताया कि 4 दिसंबर 2026 शाम 5 बजे के बाद प्राप्त होने वाले आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा। आवेदन का प्रारूप विभागीय वेबसाइट पर उपलब्ध है। पदों के लिए आवश्यक शैक्षणिक योग्यता और अन्य नियमों की जानकारी विस्तृत विज्ञापन में दी गई है।

लोक शिक्षण संचालनालय ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि आवेदन की स्थिति, मेरिट सूची, चयन प्रक्रिया और भर्ती से जुड़ी अन्य महत्वपूर्ण जानकारी के लिए विभागीय वेबसाइट का नियमित अवलोकन करते रहें। भर्ती से संबंधित सभी सूचनाएं वेबसाइट के माध्यम से ही जारी की जाएंगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *