Raipur Banking Service: बैंक की लापरवाही पड़ेगी महंगी, ग्राहकों को मिलेगा 30 लाख तक मुआवजा

Bank

Raipur Banking Service: रायपुर। बैंकिंग सेवाओं में गड़बड़ी या बैंक की लापरवाही के कारण यदि किसी ग्राहक को आर्थिक नुकसान होता है, तो उसे 30 लाख रुपये तक का मुआवजा मिल सकता है। इसके अलावा समय की बर्बादी और मानसिक परेशानी के लिए भी तीन लाख रुपये तक मुआवजे का प्रावधान है। यह जानकारी भारतीय रिजर्व बैंक के लोकपाल मोहन रावत ने रायपुर में आयोजित ग्राहक सेवा एवं शिकायत निराकरण बैठक में दी।

उन्होंने कहा कि बैंकिंग व्यवस्था में ग्राहकों की संतुष्टि सबसे महत्वपूर्ण है। ग्राहकों को मिलने वाली सेवाओं में किसी भी तरह की परेशानी होने पर उन्हें शिकायत दर्ज कराने और समाधान पाने का अधिकार है।

निशुल्क दर्ज करा सकते हैं शिकायत

आरबीआई लोकपाल मोहन रावत ने बताया कि बैंक से जुड़ी किसी भी समस्या के लिए ग्राहक को सबसे पहले संबंधित बैंक शाखा में लिखित शिकायत करनी होगी। यदि बैंक 30 दिनों के भीतर शिकायत का समाधान नहीं करता है या ग्राहक बैंक के जवाब से संतुष्ट नहीं होता है, तो वह आरबीआई लोकपाल के पास निशुल्क शिकायत दर्ज करा सकता है।

ग्राहक शिकायत दर्ज कराने के लिए हेल्पलाइन नंबर 14448 की सहायता भी ले सकते हैं। लोकपाल ने कहा कि शिकायतों का समय पर समाधान करना बैंकिंग व्यवस्था की जिम्मेदारी है।

पेंशनरों ने उठाई डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र की समस्या

बैठक में भारतीय राज्य पेंशनर महासंघ के प्रतिनिधियों ने डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र जमा करने में वरिष्ठ नागरिकों को आने वाली परेशानियों का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि बुजुर्गों को बैंक शाखाओं में कई बार तकनीकी समस्याओं का सामना करना पड़ता है।

पेंशनर महासंघ ने वरिष्ठ नागरिकों के लिए बैंक शाखाओं में प्राथमिकता व्यवस्था लागू करने और डिजिटल प्रक्रिया को सरल बनाने की मांग की। महासंघ के प्रांताध्यक्ष वीरेंद्र नामदेव ने शिकायतों के समाधान के लिए आरबीआई की पहल की सराहना की।

बैठक में विभिन्न बैंकों के वरिष्ठ अधिकारी और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। इस दौरान ग्राहकों की समस्याओं, बैंकिंग सेवाओं में सुधार और शिकायत निवारण व्यवस्था को लेकर चर्चा की गई।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *