Sarguja Murder: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के लुण्ड्रा थाना क्षेत्र के ग्राम बरगीडीह में पड़ोसी की गैंती से हमला कर हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी ने विवाद के बाद पड़ोसी पर ताबड़तोड़ वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर घर के सामने ही गिर पड़ा। वारदात के बाद आरोपी गांव के लोगों से कहता रहा कि उसने जीतू को मार दिया है और अब जेल जाएगा। इसके बाद वह अपने घर जाकर सो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम बरगीडीह राईंखुर्द निवासी जीतू नागेश (45) गुरुवार को घर पर था, जबकि परिवार के अन्य सदस्य धान की रोपाई के लिए खेत गए हुए थे। जीतू का पड़ोसी बुधराम के साथ अक्सर उठना-बैठना और मेलजोल था। दोपहर में जीतू बुधराम के घर के पास पहुंचा, जहां दोनों के बीच बातचीत के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया।
विवाद बढ़ने पर आरोपी बुधराम ने गुस्से में आकर गैंती से जीतू पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा। घटना के बाद आरोपी ने आसपास के लोगों से कहा कि उसने जीतू की हत्या कर दी है और अब जेल जाएगा। इसके बाद वह अपने घर जाकर सो गया।
आरोपी की बात सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो जीतू खून से लथपथ बेहोशी की हालत में पड़ा मिला। इसके बाद ग्रामीणों ने खेत में काम कर रहे उसके परिजनों को सूचना दी। परिजन तत्काल मौके पर पहुंचे और गंभीर हालत में जीतू को मेडिकल कॉलेज अस्पताल, अंबिकापुर लेकर गए। अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि घायल को अस्पताल पहुंचाने में आरोपी के बेटे ने भी मदद की।
अस्पताल पुलिस ने मृतक के परिजनों के बयान दर्ज कर मामले की सूचना लुण्ड्रा थाना पुलिस को भेज दी है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
