Durg Train Accident: छत्तीसगढ़ के दुर्ग रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश के दौरान एक दर्दनाक हादसे में ओरिएंटल इंश्योरेंस कंपनी के एरिया मैनेजर की मौत हो गई। संतुलन बिगड़ने से वह ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच ट्रैक पर गिर गए। हादसे में ट्रेन की चपेट में आने से उनका दायां पैर भी कट गया। घटना का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है।![]()
मृतक की पहचान ओरिएंटल इंश्योरेंस कंपनी के एरिया मैनेजर संदीप कुमार सिन्हा (58) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह रोज की तरह रायपुर जाने के लिए दुर्ग रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। उनके पास रेलवे का मासिक पास था और वह नियमित रूप से ट्रेन से ही रायपुर आना-जाना करते थे।
लोकल ट्रेन छोड़ सुपरफास्ट में बैठने की कोशिश
जानकारी के अनुसार, संदीप कुमार सिन्हा पहले लोकल ट्रेन छोड़कर सुपरफास्ट ट्रेन में सवार होने के लिए दौड़े। चलती ट्रेन में चढ़ने के दौरान उनका पैर फिसल गया और संतुलन बिगड़ने से वह ट्रैक पर गिर पड़े। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
VIDEO वायरल
घटना के दो दिन बाद हादसे का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो सामने आने के बाद एक बार फिर चलती ट्रेन में चढ़ने और उतरने के जोखिम को लेकर चर्चा तेज हो गई है।


