CG News: दुर्ग जिले के पुलगांव थाना क्षेत्र के छातागढ़ स्थित पीपरछेड़ी-गनियारी शिवनाथ नदी में जन्मदिन मनाने पहुंचे आठ दोस्तों में से दो बच्चे तेज बहाव में बह गए। शनिवार सुबह चलाए गए बचाव अभियान में एक बच्चे का शव बरामद कर लिया गया, जबकि दूसरे की तलाश जारी है।![]()
जानकारी के अनुसार उरला निवासी आठ दोस्त शुक्रवार दोपहर जन्मदिन मनाने शिवनाथ नदी पहुंचे थे। जन्मदिन मनाने के बाद शाम करीब 4 बजे 14 वर्षीय रेहान खान और 12 वर्षीय आरव नदी में नहाने उतरे। इसी दौरान दोनों गहरे पानी और तेज बहाव की चपेट में आकर बह गए।
दोस्त ने बचाने की कोशिश
नदी किनारे मौजूद एक साथी ने दोनों बच्चों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव के कारण वह सफल नहीं हो सका। इसके बाद दोस्तों ने काफी देर तक दोनों की तलाश की। जब उनका पता नहीं चला तो परिजनों और पुलिस को सूचना दी गई।
सुबह चला बचाव अभियान
रात होने के कारण बचाव अभियान शुरू नहीं किया जा सका। शनिवार सुबह करीब 6 बजे से विशेष सर्च अभियान शुरू किया गया। करीब दो घंटे बाद घटनास्थल से लगभग एक किलोमीटर दूर 14 वर्षीय रेहान खान का शव बरामद कर पुलिस को सौंप दिया गया। दूसरे बच्चे आरव की तलाश अभी भी जारी है।
3 महीने में दूसरी बड़ी घटना
स्थानीय लोगों ने बताया कि इसी स्थान पर 19 अप्रैल को भी दो युवकों की डूबने से मौत हुई थी। लगातार हो रहे हादसों के बाद लोगों ने नदी के खतरनाक हिस्सों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने, चेतावनी बोर्ड लगाने और निगरानी की व्यवस्था करने की मांग की है।



