Raipur News: छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले के तिल्दा क्षेत्र में स्थित ग्राम बिलाड़ी के मिडिल स्कूल से मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। स्कूल के महिला वॉशरूम में मोबाइल छिपाकर अश्लील वीडियो बनाने के मामले में स्कूल के संकुल समन्वयक भूपेंद्र कुमार साहू के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है, और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
ऐसे हुआ मामले का खुलासा
मामले का पर्दाफाश तब हुआ जब स्कूल की महिला शिक्षकों को वॉशरूम में वीडियो रिकॉर्डिंग की स्थिति में चालू मोबाइल फोन मिला। मोबाइल देखते ही शिक्षिकाएं स्तब्ध रह गईं। उन्होंने तुरंत इसकी जानकारी अपने परिजनों और स्कूल स्टाफ को दी और तिल्दा-नेवरा थाने में शिकायत दर्ज कराई।
आरोपी ने कबूला जुर्म
तिल्दा थाना प्रभारी सत्येंद्र सिंह श्याम के अनुसार, आरोपी संकुल समन्वयक भूपेंद्र साहू ने पूछताछ में यह स्वीकार किया कि वह महिला वॉशरूम में रिकॉर्ड किए गए वीडियो को दूसरे मोबाइल में ट्रांसफर करता था और फिर अपने लैपटॉप पर अश्लील वीडियो के रूप में देखता था। उसने पुलिस को बताया कि वह पिछले दो महीने से यह शर्मनाक हरकत कर रहा था।
वीडियो डिलीट, मोबाइल भेजा गया साइबर सेल
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आईपीसी की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी के मोबाइल की जांच करने पर उसमें से सभी वीडियो डिलीट पाए गए, जिसके बाद पुलिस ने मोबाइल को साइबर सेल भेज दिया है, ताकि डिलीट किए गए डेटा को रिकवर किया जा सके और तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा सकें।
